इतनी सी बात पर पति की ले ली जान, फिर बॉथरूम में दफनाया शव; ‘दृष्यम’ जैसी खौफनाक वारदात

आगरा में 'दृश्यम' जैसी खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है. यहां एक पत्नी ने घरेलू हिंसा से तंग आकर पति को नींद की गोलियां खिलाईं, फिर गला घोंटकर हत्या की और फिर शव को बाथरूम में दफना दिया. इसके बाद वह 45 दिनों तक गुमशुदगी का नाटक रचती रही. लेकिन जेठ के शक और पुलिस जांच से हत्या का राज खुल गया. आरोपी पत्नी ने आखिरकार अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आगरा में बॉलीवुड की फिल्म दृष्यम जैसी खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है. यहां एक महिला ने अपने को नींद की गोलियां खिलाकर बेहेश किया, फिर उसकी हत्या कर शव को घर के अंदर बॉथरूम में ही दफन कर दिया. फिर 45 दिनों तक उसके लापता होने और ढूंढने का नाटक करती रही. इसी दौरान उसके हाव भाव से उसके ज्येष्ठ को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को बता दिया. इसके बाद पुलिस जैसे ही घर में दाखिल हुई, हत्यारन बीवी ने खुद ही जुर्म कबूल लिया.

मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रेणुका धाम कॉलोनी का है. इस मामले में आरोपी बीवी ने थाने में पति की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी. एसीपी ह​रीपर्वत अमीशा के मुताबिक राजस्थान में भरतपुर के रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा यहां रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और 2 बेटियां समेत अपने पूरे ​परिवार के साथ रहते थे. करीब डेढ़ महीने पहले सुरेंद्र की पत्नी रूबी ने पुलिस में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई.

बाहर तलाश रही थी पुलिस

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद परिवार के लोग और पुलिस सुरेंद्र की तलाश बाहर कर रही थी, किसी को अंदेशा भी नहीं था कि शव घर के अंदर है. इसी बीच सुरेंद्र के भाई ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी भाभी का व्यवहार कुछ ठीक नहीं लग रहा. पुलिस को भी शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की. इसी क्रम में पुलिस टीम सुरेंद्र के घर पहुंची और रूबी से पूछताछ करने लगी. इस दौरान रूबी पुलिस के सवालों में उलझ गई और ना केवल वारदात को कबूल लिया, बल्कि खुद ही बॉथरूम की टाइल्स हटाकर शव भी बरामद करा दिया.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की पूछताछ में आरोपी रूबी ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीकर आए दिन घर में बवाल करता था. रोज-रोज की मारपीट से वह तंग आ चुकी थी. इसलिए उसने योजना के तहत अपनी दोनों बेटियों को सास के पास भेज दिया. फिर खीर में नींद की 20 से अधिक गोलियां मिलाकर पति को खिला दी. फिर पति के बेहोश होते ही उसने गला घोंट दिया और शव को बाथरूम में दफन करने के बाद मिस्त्री बुलाकर फर्श पर टाइल्स लगवा दी.

फिर रची ये कहानी

हत्यारोपी बीवी ने वारदात के अगले दिन अपने ज्येष्ठ अनिल के घर जाकर पति के लापता होने की कहानी सुना दी. बताया कि वह घर से तीन हजार रुपये लेकर निकले और अब उनकी कोई खबर नहीं मिल रही. उनका फोन भी घर में ही है. यह सुनकर परिवार के लोग परेशान हो गए और अपने स्तर पर हर संभव तलाश की. डीसीपी सैयद अली अब्बास के मुताबिक अब मामले की हर संभावित एंगल से जांच कराई जा रही है.

Follow Us