45 फीट से लगाई छलांग, अचानक खुल गई जिपलाइन; मां-बाप के सामने ही तड़प-तड़प कर हुई मौत
आगरा के चौपाटी में जिपलाइन पर अचानक पुली का लॉक खुलने से 16 साल का किशोर कुनाल सीधे 45 फीट नीचे जमीन पर आ गिरा. माता-पिता बेटे को लेकर तुरंत अस्पताल की ओर भागे, लेकिन रास्ते में ही कुनाल ने दम तोड़ दिया.
आगरा से एक खौफनाक हादसा सामने आ रहा है. पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा आए थे. इस दौरान वह परिवार के साथ ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी भी गए. यहां उनके 16 वर्षीय बेटे कुनाल अग्रवाल की जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की सख्त जांच के आदेश दे दिए हैं.
माता-पिता के सामने ही बेटे ने तोड़ दिया दम
ताजमहल देखने के बाद पंकज अग्रवाल का परिवार चौपाटी पर पहुंचा था. यहां उनके 16 साल के बेटे ने जिप लाइन पर जाने की इच्छा जताई. परिवार ने बेटे की खुशी के लिए हामी भर दी. कुनाल जैसे ही करीब 120 मीटर लंबी और 45 फीट ऊंची ज़िप लाइन पर आगे बढ़ा, अचानक पुली का लॉक खुल गया. लॉक खुलते ही कुनाल सीधे जमीन पर आ गिरा. माता-पिता बेटे को लेकर तुरंत अस्पताल की ओर भागे, लेकिन रास्ते में ही कुनाल ने दम तोड़ दिया.
चौपाटी के मैनेजर और जिप लाइन संचालक को अरेस्ट किया गया
पुलिस ने हादसे के बाद जिपलाइन संचालन पर रोक लगा दी है. चौपाटी के मैनेजर और जिप लाइन संचालक को हिरासत में ले लिया है. मृतक कुनाल के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है. एडीसीपी (ADCP) हिमांशु गौरव ने बताया अब तक यह बात सामने आई है कि एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए लिए जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था.
प्राधिकरण पर भी उठ रहे हैं सवाल
चौपाटी का संचालन आगरा विकास प्राधिकरण की तरफ से किया जाता है. वहीं, जिपलाइन का काम एक निजी संस्था ‘ईओडी एडवेंचर पार्क’ के पास है. ऐसे में हादसे के बाद पर्यटक प्राधिकरण और जिपलाइन संचालन की जिम्मेदार संस्था दोनों पर कड़े सवाल कर रहे हैं. उनका कहना है कि क्या जिप लाइन का समय-समय पर सेफ्टी ऑडिट प्राधिकरण की तरफ से किया जाता है या नहीं? अगर ऑडिट नहीं किया गया तो फिर जिपलाइन का संचालन क्यों हो रहा है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया बच्चे का शव
पुलिस ने मृत बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आगरा चौपाटी पर आने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
