पुराना हुआ औलिया और टक्कर रोड, अब इन नामों से होगी पहचान; इस शहर में क्यों बदले सड़कों के नाम?
आगरा छावनी क्षेत्र में 17 सड़कों के नाम बदले गए हैं. अंग्रेजों और मुगलों से जुड़े नाम अब देश के वीर योद्धाओं और महापुरुषों के सम्मान में रखे गए हैं. औलिया रोड अब छत्रपति शिवाजी मार्ग और टक्कर रोड शस्त्र मार्ग बन गया है. यह निर्णय भारतीय गौरव और पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है, जिससे स्थानीय इतिहास और राष्ट्र नायकों को उचित सम्मान मिल सके.
आगरा कैंट क्षेत्र में अंग्रेजों और मुगलों के नाम से जुड़ी सड़कों का नए सिरे से नामकरण किया गया है. इसी क्रम में 17 सड़कों के नाम बदले गए हैं. मंगलवार की देर शाम कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया और इसे तुरंत प्रभाव से लागू करने के आदेश जारी हुए. बैठक की अध्यक्षता ब्रिगेडियर रजत त्यागी ने की. इस बोर्ड बैठक में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और मनोनीत सदस्य राजेश गोयल समेत छावनी परिषद के तमाम अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे.
बैठक में छावनी क्षेत्र में विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. इसमें खासतौर पर छावनी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के अलावा जनहित के मुद्दों पर सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी. इस दौरान आधा दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर आम राय से सहमति बनी. इन प्रस्तावों में सबसे अहम आगरा छावनी परिषद की सड़कों का नामकरण था. सभी सदस्यों ने छावनी क्षेत्र की 17 सड़कों के प्रस्तावित नाम पर सहमति दी.
योद्धाओं के नाम पर हुआ नामकरण
पहले इन सभी सड़कों के नाम अंग्रेजों और मुगलों के नाम से जुड़े हुए थे. अब इन सड़कों का नामकरण देश के वीर योद्धाओं, महापुरुषों और सेना के जवानों के नाम पर किया गया है. इस बैठक में छावनी क्षेत्र में उपयोग के लिए नए वाहनों की खरीद पर मुहर लगी. तय हुआ कि इस कार्य के लिए एक मल्टी पर्पज वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ई-रिक्शा खरीदे जाएंगे. इसी क्रम में यहां मूलभूत सुविधाएं बढाने के लिए एक करोड़ की लागत के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है. इस धनराशि से यहां शुद्ध पेयजल, शौचालय व सफाई आदि की व्यवस्था होगी.
इन सड़कों के बदले नाम
छावनी परिषद ने जिन सड़कों के नाम बदले हैं, उनमें प्रमुख टक्कर रोड है. इसका नामकरण शस्त्र मार्ग के रूप में किया गया है. इसी प्रकार स्कॉट रोड को मेजर सुधीर वालिया रोड, ओक्टोरलोनी रोड को ग्रैंड परेड रोड, चमरपुरा रोड को डॉ. भीमराव आंबेडकर रोड, चमरपुरा मोहल्ला को नई बस्ती, मेटकाल्फ रोड को फील्ड मार्शल करिअप्पा रोड, मुनरॉय रोड को नरसिम्हा मार्ग, डस्टरविल रोड को महावीर वाल्मीकि मार्ग, औलिया रोड को छत्रपति शिवाजी मार्ग नया नाम दिया गया है.
इन सड़कों की भी बदली पहचान
आगरा के हेस्टिंग रोड की भी पहचान बदलकर अर्जुन मार्ग कर दिया गया है. इसी प्रकार ड्रमंड रोड को सूर्य पथ, मैन्सफिल रोड को गोपीचंद शिवहरे रोड, सिविल रोड को मेजर एके कनल रोड, विटवर्थ रोड को कर्ण रोड, आर्मस्ट्रोंग स्ट्रीट को न्याय मार्ग, लॉरेंस रोड को शौर्य पथ और बूचरी रोड को ब्रिगेडियर पीके घोष मार्ग नया नाम दिया गया है. यह जानकारी आगरा छावनी परिषद के सीईओ दीपक मोहन ने दी.