आगरा में थर्माकोल फैक्ट्री धू-धू कर जली, आसमान में छाया धुएं का गुब्बार; राहत-बचाव जारी

आगरा के धांधूपुरा में थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. अत्यधिक ज्वलनशील थर्माकोल के कारण आग तेजी से फैली और दूर तक काले धुएं का गुब्बार छा गया. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया. दमकल विभाग आग पर काबू पाने की मशक्कत कर रहा है.

आगरा फैक्ट्री में भीषण आग: थर्माकोल यूनिट जलकर खाक Image Credit:

आगरा ताजनगरी के धांधूपुरा स्थित टिन का नगला इलाके से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है. यहां स्थित एक थर्माकोल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.

थर्माकोल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली. फैक्ट्री से उठती आग की गगनचुंबी लपटें और काले धुएं का भारी गुब्बार कई किलोमीटर दूर से ही साफ देखा जा सकता था. धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा. राहत-बचाव जारी है, दमकल टीम आग पर काबू पाने की मशक्कत कर रहा है.

मौके पर पहुंची पुलिस, खाली कराया गया इलाका

घटना की सूचना मिलते ही थाना एकता पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची. स्थिति की गंभीरता और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन फैक्ट्री के आसपास के घरों और दुकानों से लोगों को तुरंत सुरक्षित दूरी पर हटा दिया है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके. दमकल विभाग की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुटी हुई हैं.

अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया

राहत और बचाव कार्य जारी हैं. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आग लगने की वजहों की बारीकी से जांच की जा रही है. फैक्ट्री में थर्माकोल होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. राहत की बात है कि इसमें किसी की जनहानि नहीं हुई है.

आग के विकराल लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी

थर्माकोल फैक्ट्री में आग के विकराल लपटें देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था. लोग अपने-अपने घरों से निकलकर बाहर भागने लगे थे. डर था कि विकराल लपटें उनके घरों तक न पहुंच जाए. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से आसपास के रिहायशी इलाके को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया है. फिलहाल, आग को बुझाने का प्रयास जारी है.

Follow Us