पहले काटा मामा का गला, फिर हथौड़े से कूचकर ले ली जान; इज्जत के लिए दरिंदा बनी 2 बच्चों की मां

आगरा में एक महिला ने अपने मामा की होटल में निर्मम हत्या कर दी. पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मामा उसे अश्लील वीडियो और तस्वीरों से ब्लैकमेल कर यौन शोषण कर रहा था. इस जुल्म से तंग आकर और अपनी इज्जत बचाने के लिए महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. यहां एक होटल के कमरे में एक युवती ने अपने मामा का गला रेत दिया. इतने से भी मन नहीं भरा तो युवती ने हथौड़े से सिर कूचकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में इस महिला ने जो खुलासा किया है, वो रिश्तों को तार-तार करने वाला है. युवती ने बताया कि वह ऊब चुकी थी. इसलिए अब उसने इस खेल ही खत्म कर दिया.

पुलिस की पूछताछ में युवती ने पहले तो गुमराह करने की खूब कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जब सख्ती करना शुरू किया तो युवती ने वह कहानी बयां कर दी, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. युवती ने कहा कि इस राक्षस को मारने के बाद उसे कोई अफसोस नहीं है. बताया कि हमेशा की तरह इस बार आरोपी ने अपनी हवस मिटाने के लिए उसे होटल में बुलाया था. इसलिए वह भी घर से तैयार होकर आई थी और मौका देखते ही उसने अपना काम कर दिया.

ब्लैकमेलिंग की कहानी

युवती ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि आरोपी उसका रिश्ते में मामा लगता था. पहले उसके साथ संबंध थे, लेकिन अब वह खुद दो बच्चों की मां बन चुकी है. वह युवक से पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन वह अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा था. वह अक्सर धमकी देता था कि यह फोटो और वीडियो उसके पति को भेज देगा. उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर वह बार बार उसे होटल में बुलाता और उसका यौन शोषण करता था. तंग आकर उसने भी फाइनल फैसला कर लिया था.

घर से लेकर आई थी हथियार

आरोपी युवती ने बताया कि वह युवक ने इस बार भी उसने होटल में बुलाया तो उसने पहले मना किया, लेकिन जब आरोपी धमकाने लगा तो उसने घर से ही बैग में सर्जिकल ब्लेड और हथौड़ा रख लिया. वहीं होटल में आने के बाद जब आरोपी बीयर पीकर नशे में टुन्न हो गया तो उसने पहले सर्जिकल ब्लेड से गला काटा और फिर हथौड़े से सिर कूचकर हत्या कर दी. एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक मृतक के शरीर पर सर्जिकल ब्लेड से काटने और हथौड़े से कूचने के निशान मिले हैं.

बरामद हुए हथियार

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने होटल के छत से एक टूटा फूटा मोबाइल फोन बरामद किया है. यह फोन मृतक का है. आशंका है कि इसी फोन में युवती की अश्लील तस्वीरें थीं, जिसे युवती ने वारदात के बाद छत पर लाकर हथौड़े से तोड़ दिया था. इसके अलावा होटल के कमरे से सर्जिकल ब्लेड और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है. इस कमरे से बीयर की केन भी बरामद हुई है. पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में ले ली है.

एक घंटे के लिए बुक किया था कमरा

पुलिस की जांच में पता चला है कि युवक ने युवती के साथ मस्ती करने के लिए होटल में एक घंटे के लिए कमरा बुक किया था. इस जानकारी के बाद पुलिस ने होटल के खिलाफ भी एक्शन लेने की बात कही है. डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के मुताबिक इस होटल में घंटे के हिसाब से कमरा देने की जानकारी मिली है. इस इनपुट पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट काम कर रही है. बताया जा रहा है कि आगरा के होटलों में घंटे के आधार पर बुकिंग की शिकायत आम हो गई है.

Follow Us