यूपी में अखिलेश बनाम ओवैसी की सियासी जंग, अब शेर-ओ-शायरी से वार-पलटवार
यूपी में 2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी के बीच सियासी तल्खी बढ़ गई है. मुस्लिम वोट बैंक को लेकर सपा और AIMIM में अब शेर-ओ-शायरी के जरिए वार-पलटवार हो रहे हैं. अखिलेश के अयोध्या दौरे के ऐलान के बाद यह जंग और तेज हुई है.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है. राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और वोट बैंक को लेकर खींचतान के बीच अब समाजवादी पार्टी और AIMIM के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है. खास बात यह है कि इस बार सियासी हमले भाषणों के बजाय शेर-ओ-शायरी के जरिए हो रहे हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा तो AIMIM की तरफ से भी उसी अंदाज में जवाब दिया गया.
दरअसल, अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में चुनाव के समय उत्तर प्रदेश आने और बाकी समय गायब रहने को लेकर तंज कसा. उन्होंने लिखा कि कुछ लोग सिर्फ ‘इंतखाब’ यानी चुनाव के वक्त ही आते हैं और अपने आका के इशारे पर बोलकर चले जाते हैं. अखिलेश ने ऐसे नेताओं को सियासत का खानाबदोश सौदागर बताते हुए उन पर राजनीतिक फायदे के हिसाब से बोलने का आरोप लगाया.
अखिलेश के सेक्युलरिज्म पर AIMIM का हमला
अखिलेश के इस शायराना हमले का जवाब AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी शायरी के जरिए दिया. उन्होंने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन और मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान सपा सरकार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए. शादाब ने आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम समुदाय का वोट तो लेती है, लेकिन मुश्किल वक्त में उसके साथ खड़ी नहीं दिखती.
इस जवाबी हमले में AIMIM ने अखिलेश के सेक्युलरिज्म और राजनीतिक रुख पर भी सवाल खड़े किए. यानी दोनों तरफ से शायरी के जरिए एक-दूसरे की राजनीति और पुराने फैसलों को निशाने पर लिया गया.
अखिलेश के अयोध्या ऐलान के बाद बढ़ी तल्खी?
इस सियासी तकरार के पीछे अयोध्या का मुद्दा भी अहम माना जा रहा है. अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करने का ऐलान किया है. इसके बाद AIMIM की तरफ से सपा की राजनीति और मुस्लिम मतदाताओं को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं.
दरअसल, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी यूपी में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं. उनकी सभाओं में सपा और अखिलेश यादव निशाने पर रहे हैं. ओवैसी आरोप लगाते रहे हैं कि सपा मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन का राजनीतिक लाभ उठाती है, लेकिन उनके मुद्दों पर अपेक्षित आवाज नहीं उठाती.
वहीं, अखिलेश यादव पहले ही AIMIM के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार कर चुके हैं और कांग्रेस के साथ मौजूदा गठबंधन को आगे बढ़ाने की बात कह चुके हैं.
यूपी चुनाव में मुस्लिम वोट बैंक पर सियासी नजर
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और AIMIM के बीच बढ़ती बयानबाजी को मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक प्रभाव और हिस्सेदारी की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है. AIMIM लगातार सपा के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा रही है. पार्टी की नजर दलित-मुस्लिम गठजोड़ की संभावनाओं पर भी है.
ऐसे में सवाल सिर्फ शेर-ओ-शायरी के जरिए एक-दूसरे पर तंज कसने का नहीं है, बल्कि यूपी की सियासत में मुस्लिम मतदाताओं के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक हिस्सेदारी का भी है. चुनाव से पहले शुरू हुई यह जुबानी जंग आने वाले दिनों में किस रूप में आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.