अलीगढ़ में बिड़ला ग्रुप की दस्तक, 600 बीघे में लगेगी सीमेंट फैक्टरी; खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

बिड़ला ग्रुप अलीगढ़ में 600 बीघा ज़मीन पर एक नई सीमेंट फैक्ट्री लगाने जा रहा है. इससे ज़िले में रोज़गार के नए अवसर खुलेंगे. अलीगढ़ सीमेंट फ़ैक्टरियों के लिए पहली पसंद बन रहा है क्योंकि इसे खुर्जा पावर प्लांट से फ्लाईऐश आसानी से मिलता है और प्रदूषण की एनओसी भी सरलता से मिल जाती है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में सीमेंट फैक्ट्री का हब बने अलीगढ़ में अब बिड़ला ग्रुप ने भी दस्तक दे दी है. यह ग्रुप जिले में एक बड़ी फैक्ट्री स्थापित करने जा रहा है. इसके लिए कंपनी ने सरकार से रेलवे लाइन से सटे हुए 600 बीघे जमीन की मांग की है. उद्योग विभाग ने कंपनी की आवश्यकता के आधार पर जमीन की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक इस फैक्ट्री के आते ही जिले में सीमेंट की कुल 5 फैक्ट्रियां हो जाएंगी. वहीं रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.

उद्योग विभाग के जॉइंट कमिश्नर बीरेंद्र सिंह के मुताबिक अलीगढ़ में निवेश के लिए कई बड़ी कंपनियां तैयार हैं. इनमें एक बिड़ला ग्रुप भी शामिल हैं. इस ग्रुप ने अपनी फैक्ट्री लगाने के लिए 600 बीघे से भी अधिक जमीन की मांग की है. इस मांग के मुताबिक जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में जवां कासिमपुर इलाके में मंगलम सीमेंट, अल्ट्राटेक व जेके सीमेंट फैक्टरी संचालित हो रही हैं. वहीं गभाना क्षेत्र में वंडर सीमेंट फैक्टरी है. बिड़ला ग्रुप के आने के साथ ही जिले में सीमेंट फैक्ट्रियों की संख्या पांच हो जाएगी.

इस लिए अलीगढ़ बना पहली पसंद

सीमेंट फैक्ट्रियों के लिए अलीगढ़ पहली पसंद बन रहा है. इसकी मुख्य वजह एनसीआर से सटा होता तो है ही, खुर्जा पॉवर प्लांट से नजदीकी भी बड़ी वजह है. दरअसल इस पॉवर प्लांट से इन फैक्ट्रियों के लिए फलाईऐश सहज ही उपलब्ध हो जाता है. चूंकि यह इलाका एनसीआर से बाहर है, इसलिए प्रदूषण संबंधी एनओसी भी आसानी से मिल जाती है.इन परिस्थितियों में यूपी में सीमेंट फैक्ट्री लगाने की इच्छुक कंपनियों की पहली पसंद अलीगढ़ बन रहा है.

इन इलाकों में जमीन की तलाश

बिड़ला ग्रुप की सीमेंट फैक्ट्री के लिए जमीन की तलाश रेलवे लाइन के सहारे गभाना से मडराक तक भूमि की तलाश हो रही है. उद्योग विभाग के अधिकारी जवां इलाके में ऐसे भूखंड खोज रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक जमीन मिलते ही कंपनी को सूचित किया जाएगा. इसके बाद कंपनी के अधिकारी आकर मौका देखेंगे. बताया जा रहा है कि कंपनी के अधिकारी भी अपने स्तर पर जमीन की तलाश में जुटे हैं.

Follow Us