घर के ड्राइंग रूम से कोर्ट में पेश हुए SDM, हाईकोर्ट हैरान, DM भी सवालों के घेरे में
हाईकोर्ट ने चित्रकूट के ADM के घर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा पेश होने पर कड़ी आपत्ति जताई है. कोर्ट ने इसे न्यायिक गरिमा के खिलाफ मानते हुए जिलाधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए. साथ ही हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को कार्रवाई पर विचार करने का निर्देश दिया है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चित्रकूट के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रसून कश्यप के सरकारी कार्यालय के बजाय अपने घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश होने पर कड़ी हैरानी जताई है. अदालत ने इस मामले में न केवल एसडीएम के पेश होने के तरीके पर सवाल उठाए, बल्कि जिलाधिकारी की भूमिका को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की है.
जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी की एकलपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि एसडीएम प्रसून कश्यप को अदालत के समक्ष अपने कार्यालय से पेश होना चाहिए था. यदि इंटरनेट कनेक्टिविटी की कोई समस्या थी, तो जिलाधिकारी अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की व्यवस्था कर सकते थे.
ड्राइंग रूम से पेश होने की अनुमति किस आधार पर दी?
अदालत ने इस बात पर भी सवाल खड़ा किया कि आखिर जिलाधिकारी ने एसडीएम को अपने आवास के ड्राइंग रूम से पेश होने की अनुमति किस आधार पर दी? हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्यायिक कार्यवाही में अधिकारियों की पेशी निर्धारित गरिमा और व्यवस्था के अनुरूप होनी चाहिए.
यह पूरा मामला मैनपुरी निवासी सुनील की ओर से दाखिल याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया. याचिका का निपटारा करते हुए हाईकोर्ट ने एसडीएम के इस आचरण को गंभीरता से लिया. मामले में अदालत ने एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई पर विचार करने के लिए अपने आदेश की प्रति प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश भी दिया है.
2023 में तहसीलदार से SDM पद पर पदोन्नत हुए
प्रसून कश्यप अक्टूबर 2023 में तहसीलदार से SDM पद पर पदोन्नत हुए. वे मैनपुरी जिले की किशनी और घिरोर तहसीलों में एसडीएम के रूप में कार्य कर चुके हैं. हाईकोर्ट की इस टिप्पणी के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की अदालत में पेशी के तौर-तरीकों और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर मामला चर्चा में आ गया है.