पहले GF की हत्या, फिर रेलवे ट्रैक पर BF ने भी किया सुसाइड; 2 दिन पहले घर से भागे थे दोनों

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. दो दिन पहले घर से भागे एक प्रेमी जोड़े का खूनी अंत हुआ. युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की हत्या की और फिर रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली. प्रेमिका का शव खंडहर में मिला, जिस पर हिंसा के निशान थे. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने पहले अपनी गर्ल फ्रेंड की हत्या की और फिर खुद भी रेलवे ट्रैक पर आकर सुसाइड कर लिया. सुसाइड से पहले युवक ने अपने भाई को संबोधित करते हुए एक वीडियो भी बनाया, जिसमें वह कह रहा है कि लड़की भी नहीं रही और वह सुसाइड करने जा रहा है. मामला अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र में नगला पूसा गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक इस गांव में रहने वाला युवक और एक युवती दो दिन पहले लापता हो गए थे. युवती के परिजनों ने इस संबंध में युवक शशि के खिलाफ लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा भी दर्ज कराया था. इसी बीच युवक का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे ट्रैक से उसका शव बरामद हो गया. युवक के भाई ने पुलिस को बताया कि मरने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर उसे भेजा था. इस वीडियो में उसने युवती की मौत की बात कही थी. इसके बाद युवती की तलाश हुई तो उसका शव गांव के बाहर एक खंडहर में फंदे से लटका मिला.

इस हाल में मिला शव

युवती के परिवार की महिला कमलेश ने बताया कि परिवार के सभी लोग काम पर गए थे. इसी दौरान उनकी बेटी दवाई लाने के बहाने घ से निकली और लापता हो गई. उसका शव शाम को गांव के बाहर स्टोर के पास बंद पड़े एक मकान के अंदर मिला है. कमलेश के मुताबिक उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर पहने हुए कपड़े फटे हुए थे. बनियान फाड़कर उसके मुंह में ठूंस दिया गया था. वहीं नाक में रुई लगी थी.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पहुंचे सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि शशि के खिलाफ लड़की के परिजनों ने 13 मार्च 2026 को अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि दोनों के शव मिल गए. उन्होंने बताया कि 13 मार्च की ही शाम को शशि ने रेलवे ट्रैक पर सुसाइड कर लिया था. इसके थोड़ी देर बाद लड़की का शव भी बरामद किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us