यूपी के 40 से ज्यादा जिलों में आज भी बरसेंगे बादल, 60 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर प्रदेश में आज भी 40 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने की सलाह दी गई है.
यूपी में पिछले दो दिनों के दौरान आसमान में बादल छाए रहे. कई जिलों में ठीक-ठाक बारिश भी रिकॉर्ड की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. अधिकतम तापमान में तकरीबन 4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली. मौसम विभाग प्रदेश में 27 अप्रैल से सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते 1 मई तक ऐसा मौसम बना रह सकता है. यह बदलाव न सिर्फ लोगों को गर्मी से राहत देगा, बल्कि प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत का संकेत भी माना जा रहा है.
40 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज भी बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत 40 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
बारिश के साथ-साथ प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने को कहा गया है. मौसम विभाग की मानें तो अगले छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. 30 अप्रैल के अलावा 4 और 5 मई को भी बारिश की संभावना है, जबकि 2 और 3 मई को मौसम साफ रहेगा.
बारिश के बावजूद तपिश बरकरार
बारिश के बावजूद कुछ शहरों के तापमान में कमी नहीं आई है. बांदा में सबसे ज्यादा तापमान 45.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर ओरई में 43.8, झांसी में 42.4 और फतेहगढ़ 42.2 अधिकतम तापमान पाया गया. अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद में 19.5 डिग्री. फिर में मेरठ में 22.4, मुरादाबाद में 23.7, बाराबंकी और ओरई में 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.