बाबा या हिस्ट्रीशीटर… रेप और हत्या समेत 21 मुकदमे, कौन है आशुतोष ब्रह्मचारी? जिसने शंकराचार्य पर किया केस
आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा शंकराचार्य पर FIR के बाद एक नया विवाद छिड़ गया है. शंकराचार्य ने आशुतोष ब्रह्मचारी की चौंकाने वाली 'क्राइम कुंडली' सार्वजनिक की है, जिसमें 20 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें रेप और हत्या जैसे आरोप शामिल हैं. यह विवाद अब आशुतोष के रामभद्राचार्य कनेक्शन के साथ और गहरा गया है, जिससे पूरे मामले की परतें खुल रही हैं.
उत्तर प्रदेश में इस समय ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन शोषण केस में एफआईआर के बाद एक सवाल बड़ी तेजी से सुर्खियों में है. वह सवाल यह है कि आखिर कौन है आशुतोष ब्रह्मचारी, जिसने शंकराचार्य पर एफआईआर कराया है. इस सवाल का जवाब खुद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने ही दे दिया है. उन्होंने अशुतोष ब्रह्मचारी की पूरी क्राइम कुंडली ही सार्वजनिक कर दी है.
इसमें आशुतोष ब्रह्मचारी के खिलाफ दर्ज दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों की फेहरिस्त है. इस हिस्ट्रीशीट के सामने आने के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी अब खुद विवाद में आ गए हैं. इसी के साथ उनके तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य से कनेक्शन भी सामने आ गया है. इस कनेक्शन के साथ इस एफआईआर की पूरी कहानी खुल कर सामने आ गई है. दरअसल रामभद्राचार्य और अविमुक्तेश्वरानंद के बीच का विवाद कोई नया नहीं हैं. इससे पहले जब रामभद्राचार्य ने जब एक पॉडकास्ट में वृंदावन के संत प्रेमानंद के खिलाफ टिप्पणी की थी, उस समय अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रेमानंद का बचाव किया था.
आशुतोष महाराज की हिस्ट्रीशीट
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष महाराज की जो हिस्ट्रीशीट सार्वजनिक की है, उसमें दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे शामिल हैं. इसमें गौ-हत्या, बलात्कार, ठगी और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. खुद को सहारनपुर स्थित शाकंभरी पीठ के महंत बताने वाले आशुतोष महाराज की हिस्ट्रीशीट भी शामली जिले के कांधला थाने में खुली हुई है. उनकी हिस्ट्रीशीट का नंबर 76A दर्ज है. उनके खिलाफ शामली के अलावा गोंडा, मुजफ्फरनगर और लखनऊ में भी मुकदमे दर्ज हैं.
कौन हैं आशुतोष महाराज?
जानकारी के मुताबिक शामली के रहने वाले आशुतोष महाराज का असली नाम आशुतोष पांडेय उर्फ अश्वनी सिंह है. उनका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. दो साल पहले ही उन्होंने रामभद्राचार्य से दीक्षा ली थी और वह शाकंभरी पीठ से जुड़ गए. पुलिस रिकार्ड के मुताबिक आशुतोष ब्रह्मचारी का आपराधिक रिकॉर्ड वर्ष 2002 से शुरू होता है. इनके खिलाफ पुलिस में संगठित अपराध से लेकर व्यक्तिगत अपराध तक के मामले हैं. गोंडा में गो-तस्कर माजिद हसन के साथ रिश्वत देने और एक विधवा से रेप का भी मामला दर्ज किया गया है.
