युवक के साथ कैसे गई? मजिस्ट्रेट के सामने फिर पलटी ‘नागिन’, बोली- अपने घर जाऊंगी
उत्तर प्रदेश के औरैया में 'नागिन' प्रकरण से चर्चित युवती ने मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान बदल दिए हैं. पहले प्रेमी के साथ भागने और शादी का दावा करने वाली युवती ने अब कहा कि उसे नहीं पता कैसे वह युवक के साथ गई और अपने घर लौटना चाहती है. कोर्ट ने उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया है.
उत्तर प्रदेश के औरैया में बहुचर्चित केंचुल छोड़ कर घर से भागने वाली ‘नागिन’ मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान के दौरान फिर पलट गई. उसने अपने बयान में कहा कि उसे नहीं मालूम कि वह युवक के साथ कैसे गई. उसने मजिस्ट्रेट से कहा कि वह अपने घर जाना चाहती है. लड़की का बयान दर्ज करने के बाद कोर्ट ने उसे उसके मां-बाप को सुपुर्द कर दिया है. मामला औरैया जिले के सींगनपुर गांव का है.
कुछ दिन पहले आधी रात के वक्त यह युवती संदिग्ध परिस्थिति में घर से लापता हो गई थी. सुबह होने पर घर वालों ने देखा तो उसके बिस्तर पर सांप का लंबा सा केंचुल पड़ा था. वहीं सिरहाने सुहाग का सामान रखा हुआ था. देखते ही देखते इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से होने लगी. लोग दावा करने लगे कि लड़की इच्छाधारी नागिन बन गई है. लड़की के गायब होने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी.
फिर आया युवक के साथ वीडियो
पुलिस ने भी इसे प्रेम प्रसंग मामला मानते हुए गुमशुदगी दर्ज किया था. पुलिस ने लड़की की तलाश कर ही रही थी कि उसका युवक के साथ एक वीडियो सामने आया. इसमें युवती ने कहा था कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ भागी है और आर्य समाज मंदिर में उन दोनों ने शादी कर ली है. बीते शुक्रवार को वह अपने कथित पति के साथ फफूंद थाने भी पहुंची. पुलिस की पूछताछ में उसने बताया था कि वह अपने प्रेमी से शादी कर चुकी है और अब वह अपना पूरा जीवन उसी के साथ गुजारना चाहती है.
युवके साथ रहने की जताई थी इच्छा
इस दौरान उसने बिस्तर पर केंचुल या सुहाग का सामान रखने की बात को भी खारिज किया था. कहा था कि वह परिवार वालों का ड्रामा है. इसके बाद पुलिस ने सोमवार को युवती को कलमबंद बयान के लिए न्यायालय में पेश किया. जहां युवती ने अचानक से यूटर्न लिया और कह दिया कि उसे नहीं पता कि वह युवक के साथ कब और कैसे पहुंच गई. इसी के साथ उसने अपने घर जाने की बात कही.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में सींगनपुर गांव की रहने वाली इस 21 साल की युवती का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक युवक से चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे. बल्कि लड़की की शादी परिजनों ने कहीं और तय कर दी थी. ऐसे में युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर से भागने की योजना बनाई थी. इसके बाद पूरा घटनाक्रम एक फसाना के रूप में सबके सामने है.
