ससुराल नहीं जाउंगी… द्वारपूजा और जयमाल के बाद क्यों भड़की दुल्हन? लौटा दी बारात

उत्तर प्रदेश के औरैया में द्वारपूजा और जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. गहनों को लेकर हुए विवाद और दूल्हे के कथित खराब व्यवहार के कारण बारात को बैरंग लौटना पड़ा है. पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद समझौता नहीं हुआ, और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी तोड़ दी. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

शादी में जयमाल के बाद बवाल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के औरैया में आयोजित एक शादी समारोह में बड़ा बवाल हो गया. यहां दूल्हा बारात लेकर मंडप में पहुंचा तो लड़की पक्ष ने पुरजोर स्वागत किया. इसके बाद द्वारपूजा और जयमाल आदि के कार्यक्रम हुए. इसके बाद जैसे ही दुल्हन को गहने चढ़ाने के लिए लाए गए तो दोनों पक्षों में तकरार शुरू हो गया. देखते ही देखते बवाल इतना बढ़ गया कि खुद दुल्हन ने ही शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी पंचायत हुई, बावजूद इसके बात नहीं बनी. आखिर में दूल्हे को बैरंग वापस लौटना पड़ा.

जानकारी के मुताबिक दिबियापुर थाना क्षेत्र के देवराव गांव निवासी अंशु कुमार की बारात औरैया में सहायल थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में आई थी. दुल्हन के परिवार वालों ने परंपरा के मुताबिक बारात का स्वागत किया और फिर शादी की रस्में शुरू हुईं. पहले द्वारपूजा हुआ. इसी दौरान बारातियों को नाश्ता दे दिया गया. फिर जयमाल का कार्यक्रम बड़े धूमधाम से हुआ. इसके बाद मंडप में चढ़ावे का सामान लाया गया. इसे देखते ही दुल्हन पक्ष के लोग नाराज हो गए.

कहासुनी में टूटी शादी

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि जो गहने जेवर शादी में तय हुए थे, उनमें से काफी गहने चढ़ावे के सामान में शामिल नहीं थे. इस संबंध में पूछने पर दूल्हा पक्ष के साथ कहासुनी हुई. वहीं दूल्हा पक्ष के लोगों का कहना है कि जो सामान तय था, सारा चढावे के सामान में शामिल है. देखते ही देखते यह कहासुनी गर्मागर्मी में बदल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, मगर आखिर तक बात नहीं बनी.

मौके पर पहुंची पुलिस

विवाद बढ़ने पर सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद मौके पर पहुंची सहायल थाना पुलिस मौके ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की. फिर भी बात नहीं बनी और दोनों पक्षों ने रिश्ता तोड़ने की सहमति दे दी. दूल्हे अंशु कुमार के मुताबिक पहले से जो तय था, सभी सामान और चढ़ावा लेकर बारात में पहुंचे थे. किसी तरह की कोई कमी नहीं थी, उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं. वहीं दुल्हन पिंकी का कहना है कि सामान तो पूरा था नहीं, दूल्हे के व्यवहार पर ठीक नहीं था. इसलिए साफ शब्दों में शादी से इनकार कर दिया है.

ऐसे हुआ समझौता

रिश्ता टूटने के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मौके पर ही समझौता कर लिया. दोनों पक्षों ने एक दूसरे की ओर से दिए गए सामान लौटा दिए. किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी. इसके बाद दूल्हा अपनी बारात लेकर वापस लौट गया. हालांकि इस घटना की चर्चा इलाके में और सोशल मीडिया पर खूब हो रही है.

Follow Us