सेंट्रल जेल की सुरक्षा में सेंध, खेत में काम करते भाग निकला कैदी; 7 अफसर सस्पेंड

उत्तर प्रदेश की बरेली सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी दिनेश फरार हो गया है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया. सुरक्षा में भारी चूक के बाद डीजी जेल ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेलर समेत 7 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. इस मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं ताकि लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जा सके. फरार कैदी की तलाश जारी है.

सेंट्रल जेल बरेली Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गया है. इस घटना के बाद एक्शन में आए डीजी जेल पीसी मीना ने घटना के लिए जिम्मेदार जेलर, डिप्टी जेलर, हेड वार्डर समेत 7 अधिकारियों व कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है. इस मामले में उन्होंने विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं. उन्होंने जेल सुरक्षा में लापरवाही की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है.

इस मामले में वरिष्ठ जेल अधीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है. मामले की जांच डीआईजी जेल कर रहे हैं. उन्हें जल्द से जल्द प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है. अपने आदेश में डीजी कारागार पीसी मीना ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है.

तय होगी जिम्मेदारी

मामले की जांच में जुटे अधिकारियों के मुताबिक अभी तो यह देखा जा रहा है कि किसी स्तर पर चूक हुई है और कहां सुरक्षा घेरा कमजोर है. इसी के साथ घटना के लिए जिम्मेदारी भी तय की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी दिनेश को खेत में काम करने के लिए ले जाया गया था, वहीं से वह फरार हुआ है. जेल प्रबंधन को इसकी जानकारी बाद में कैदियों की गिनती के दौरान हुई. इसके बाद जेल में हड़कंप मच गया.

अमरोहा का रहने वाला है कैदी

आनन फानन में घटना की जानकारी बरेली पुलिस को दी गई. इस सूचना पर हरकत में आई बरेली पुलिस ने इस कैदी की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार फरार कैदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है. वह अमरोहा जिले के नन्हेड़ा राजपूत गांव, थाना डिडौली क्षेत्र का रहने वाला है. वह छह साल से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था और उम्रकैद की सजा काट रहा था. उसे बिजनौर जनपद में दर्ज पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में अदालत ने दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी.

कैदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के मुताबिक कैदी दिनेश खेतों में काम के दौरान फरार हुआ है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. यह सभी टीमें इस कैदी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. इस संबंध में कैदी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. उधर, मामले की जांच के लिए डीआईजी जेल खुद मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की है.

Follow Us