रामनवमी पर अयोध्या जा रहे दिग्विजय सिंह! रामलला के दर्शन करेंगे, हनुमानगढ़ी भी जाएंगे

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह रामनवमी पर अयोध्या दौरे पर आ रहे हैं. यहां वे रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे. राम मंदिर निर्माण में चंदा देने के बावजूद, यह शिलान्यास के बाद उनका यह पहला दौरा है. भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि राज्यसभा टिकट न मिलने पर उन्हें भगवान राम याद आए हैं, और अब वे दर्शन को आ रहे हैं.

अयोध्या आएंगे दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अयोध्या आ रहे हैं. वह यहां रामलला के दर्शन करेंगे. वह हनुमानगढ़ी भी जाएंगे. कांग्रेस के नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के निर्माण में भी 1 लाख 11 हजार रुपये का चंदा दिया था. हालांकि अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास के बाद वह पहली बार उनके अयोध्या आने का कार्यक्रम बना है. जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह रामनवमी के दिन हवाई मार्ग से अयोध्या पहुंचेंगे.

वह अयोध्या एयरपोर्ट पर सुबह 9:40 बजे उतरेंगे. यहां से सीधे हनुमानगढ़ी जाएंगे. जहां दर्शन पूजन के बाद राम मंदिर चले जाएंगे. यहां पूजन के बाद वह कनक भवन में भी जाकर दर्शन-पूजन करेंगे. हालांकि उनके अयोध्या आने की खबर पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तंज कसा है.बीजेपी विधायक ने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय कांग्रेस को निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन उस समय दिग्विजय सिंह को डर था कि राम मंदिर जाएंगे तो पार्टी राज्य सभा का टिकट नहीं देगी.

उम्मीद टूटी तो याद आए राम

बावजूद इसके, जब उनकी पार्टी उन्हें राज्यसभा नहीं भेज रही तो उन्हें भगवान राम याद आ गए हैं. इसलिए अब वह राम मंदिर में दर्शन करने आ रहे हैं. राममंदिर जाने पर तंज कसते हुए विधायक ने कहा कि जिंदगी में राम हैं तो काम जरूर आएगा. बीजेपी विधायक ने कहा कि राम का साथ हो तो विजय होती है. यह बात देश की राजनीति पहले ही समझ लेती तो राम मंदिर के लिए इतना इंतजार नहीं करना होता.

शहीदों को भी नमन करें पूर्व सीएम

उन्होंने संतोष प्रकट किया कि देर से ही, लेकिन दिग्विजय सिंह को समझ में आ गया है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर जा ही रहे हैं तो उन्हें मंदिर आंदोलन में शहीद हुए कार सेवकों को भी नमन कर लेना चाहिए. फिर यहां से लौटकर अपनी पार्टी को बताना चाहिए कि राम काल्पनिक नहीं है. बता दें कि राम सेतु प्रकरण में कांग्रेस ने राम का अस्तित्व स्वीकार नहीं किया था.

Follow Us