सोने के हिंडोले में बांके बिहारी, सीता संग प्रभु राम का भी शुरू हुआ झूलनोत्सव; हरियाली तीज पर भव्य आयोजन

हरियाली तीज पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भव्य स्वर्ण-रजत हिंडोला उत्सव मनाया गया, जहां ठाकुरजी ने दिव्य दर्शन दिए. अयोध्या में मणि पर्वत पर प्रभु राम और माता सीता संग वार्षिक सावन झूला मेले का शुभारंभ हुआ. दोनों पावन स्थलों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ झूलनोत्सव में भाग लिया.

अयोध्या-वृंदावन में शुरू हुआ हिंडोला उत्सव, इमेज सोर्स: AI

आज हरियाली तीज है. इस मौके पर भगवान कृष्ण की रास स्थली वृंदावन से लेकर भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तक भव्य हिंडोला उत्सव मनाया जा रहा है. वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भगवान को गर्भगृह से बाहर लाकर करीब 32 फीट चौड़े और 12 फीट ऊंचे विशाल स्वर्ण-रजत निर्मित हिंडोले में विराजमान कराया गया. वहीं अयोध्या में मणि पर्वत पर मुख्य आयोजन हुआ. इसमें प्रभु श्री राम माता सीता संग हिंडोले पर विराजमान हुए. इसी के साथ यहां वार्षिक सावन झूला मेला शुरु हो गया.

वृंदावन में हरियाली तीज पर ठाकुरजी के अलौकिक दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. मंदिर के पट सुबह 6:30 बजे दर्शनार्थियों के लिए खोले गए. जैसे ही भक्तों ने स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए, पूरा मंदिर परिसर ‘बांकेबिहारी लाल की जय’ के जयकारों से गूंज उठा. हरियाली तीज के अवसर पर हरे रंग के विशेष महत्व को देखते हुए ठाकुरजी और उनकी सखियों को हरे रंग की विशेष पोशाक धारण कराई गई.

हरा-हरा नजर आया पूरा मंदिर

इस पवित्र मौके पर पूरे मंदिर परिसर को भी सावन के विभिन्न रंगों और हरियाली से आकर्षक ढंग से सजाया गया. हिंडोले के दोनों ओर खड़ी सखियों को प्रतीकात्मक रूप से ठाकुरजी को झूला झुलाते हुए दर्शाया गया. ब्रज की प्राचीन परंपरा के अनुसार हरियाली तीज पर ब्रज के प्रमुख मंदिरों में झूलनोत्सव मनाया जाता है, लेकिन बांकेबिहारी मंदिर का हिंडोला उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है. स्वर्ण-रजत हिंडोले में ठाकुरजी के मनमोहक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया.

राग मल्हार गाकर मनाया जश्न

इस अवसर पर ठाकुरजी को पर्व की विशेष मिठाई घेवर-फैनी का भोग अर्पित किया गया. वहीं विश्राम के लिए मंदिर में सुख सेज भी सजाई गई. मंदिर के पट बंद होने के बाद ठाकुरजी को यहां विश्राम कराया जाता है. ठाकुरजी के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए. मंदिर परिसर में भक्तों ने जयकारे लगाए तो वहीं महिलाओं ने राग मल्हार गाकर हरियाली तीज की खुशी व्यक्त की. पूरे वृंदावन में हरियाली तीज के उल्लास और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला.

अयोध्या में भी भव्य आयोजन

हरियाली तीज के अवसर पर अयोध्या में भी शनिवार से वार्षिक सावन झूला मेला की शुभारंभ हुआ. सावन झूला मेले के पहले दिन मणपर्वत पर प्रभु श्रीराम और माता सीता का पारंपरिक झूला विहार कर रहे हैं. यह आयोजन 28 अगस्त तक चलेगा. इस अवसर पर अलग-अलग मंदिरों की 11 झांकियां मणि पर्वत जाएंगी. झूला उत्सव का आयोजन राम जन्मभूमि, कनक भवन और अन्य प्रमुख मंदिरों में भी किया गया है. राम मंदिर में यह आयोजन पहली बार हो रहा है. यहां यह कार्यक्रम कुबेर नवरत्न टीला पर किया जा रहा है.

Follow Us