भाभी से ऐसी क्या रंजिश? देवर ने पहले चाकू घोंपकर ली जान, फिर जबान भी काट डाली
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में संपत्ति विवाद को लेकर एक देवर ने अपनी भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले चाकू से भाभी को गोदा, फिर उसकी जुबान भी काट डाली. यह दिल दहला देने वाली वारदात बुलंदशहर के भईपुरा गांव में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी देवर की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद से फरार है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने पहले अपनी भाभी की चाकू घोंपकर हत्या की और फिर उसी चाकू से भाभी की जबान भी काट दी. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. मामला बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव भईपुरा का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृत महिला का शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में वारदात की वजह मकान में बंटवारे के विवाद के रूप में सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी देवर की तलाश में अलग अलग टीमों का गठन किया है. जानकारी के मुताबिक भाईपुरा गांव में रहने वाले किशोरी के पुश्तैनी मकान में बंटवारे का विवाद काफी समय से चल रहा था. इसको लेकर किशोरी का अपनी 50 वर्षीय भाभी मीना से कई बार झगड़ा भी हो चुका था. शुक्रवार की शाम को भी इसी मुद्दे पर दोनों में झगड़ा हुआ. इसी दौरान किशोरी की भाभी ने उसे कुछ आपत्तिजनक बातें कह दी.
गुस्से में घोंप दिया चाकू
पुलिस के मुताबिक इन्हीं बातों से तैश में आए किशोरी ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी भाभी के ऊपर ताबड़तोड़ वार किया, इससे वह अधमरा होकर जमीन पर गिर गई. आरोपी किशोरी का इससे भी मन नहीं भरा तो उसने उसी चाकू से भाभी की जबान काट दी और मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया. पास पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे घटना की जानकारी पुलिस को दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस सूचना पर देहात और मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की. इसमें वारदात की वजह बंटवारे का विवाद निकल कर आया है. बुलंदशहर में एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय के मुताबिक तहरीर के आधार पर आरोपी देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
