5 लाख में मायावती से मुलाकात, 3.35 करोड़ में पार्टी का टिकट! स्टिंग ऑपरेशन बसपा चीफ का बयान
बसपा प्रदेश अध्यक्ष के वायरल वीडियो से उत्तर प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मचा हुआ है. इस वीडियो में मायावती से 5 लाख में मुलाकात और 3.35 करोड़ में टिकट दिलाने का दावा किया जा रहा है. इस वीडियो पर अब मायावती ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे पार्टी को बदनाम करने की साजिश बताया है. कहा कि बसपा पूंजीपतियों के इशारे पर नहीं चलती. आगामी यूपी चुनावों से पहले ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिसे जनता जवाब देगी.
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की रणभेरी अभी बजी भी नहीं, इधर एक से एक बवंडर उठने लगे हैं. इसी क्रम में एक बवंडर बहुजन समाज पार्टी में भी उठा है. यह बवंडर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के वीडियो से उठा है. इस वीडियो में वह दावा कर रहे हैं कि पांच लाख रुपये में बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात करा सकते हैं. वहीं पार्टी के टिकट के लिए 3.35 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे. यह वीडियो एक स्टिंग ऑपरेशन का है. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद खुद मायावती ने इस वीडियो पर सफाई दी है.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस संबंध में पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने लिखा है कि बीएसपी बहुजन समाज और अपरकास्ट के गरीब शोषित-पीड़ित व उपेक्षितों के संवैधानिक हक व न्याय की लड़ाई लड़ती रही है. यह पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताये रास्तों पर चलती है और सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की बात करती है. उन्होंने लिखा है कि बसपा दूसरी पार्टियों की तरह पूंजीपतियों व धन्नासेठों के सहारे और इशारे पर नहीं चलती है.
बदनाम करने की साजिश है वीडियो
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि उनकी पार्टी की विचारधारा और लोकप्रियता स्वाभाविक तौर पर संकीर्ण, जातिवादी, सांप्रदायिक व पूंजीवादी ताकतों को नहीं सुहाता. इसलिए ये लोग समय-समय पर और खासकर चुनाव से पहले इस तरह के हथकंडे इस्तेमाल करके बीएसपी व मूवमेंट के साथ ही उसके आयरनलेडी नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश करते हैं. लेकिन जनता को सब मालूम है. आगामी विधानसभा चुनावों में जनता ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देगी.
क्या है वायरल वीडियो में?
बता दें कि सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो बसपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल से बातचीत का है. यह वीडियो किसी न्यूज एजेंसी ने बनाया है, जिसमें विश्वनाथ पाल को कथित तौर पर कहते हुए सुना जा रहा है कि चुनावों से पहले पांच लाख रुपये खर्च कर मायावती से मिला जा सकता है. वहीं यदि पार्टी का टिकट चाहिए तो इसके लिए 3.35 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे. इस वीडियो के सोशल मीडिया में वायरल होते ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में बवंडर खड़ा हो गया है.
