48 घंटे में UP पहुंचेगा मानसून! अलनीनो से सूखे का अलर्ट, डाइपोल कराएगा बारिश
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, लेकिन राहत जल्द मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अगले 48 घंटों में यूपी में दस्तक देगा, 25 जून तक पूरे प्रदेश में बारिश शुरू होने की संभावना है. हालांकि, अलनीनो के कारण सामान्य से कम बारिश की आशंका है, जिसे हिंद महासागर डाइपोल पूरा कर सकता है.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप बदस्तूर जारी है. इतनी गर्मी कि पंखे कूलर बेअसर हो गए हैं. हर कोई अब यही पूछ रहा है कि आखिर मानसून कब आएगा. यूपी में बारिश कब होगी. भारतीय मौसम विभाग ने अब इस यक्ष प्रश्न का जवाब दे दिया है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने ताजा बुलेटिन में दावा किया है कि अगले 48 घंटे के अंदर मानसून कभी यूपी में दस्तक दे सकता है. हालांकि पूरे यूपी में मानूसन का प्रभाव दिखने में एकाध दिन और लग सकते हैं.
माना जा रहा है कि 25 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. इसी के साथ मौसम विभाग ने अलनीनो के प्रभाव की वजह से इस साल मानसून में भी बारिश कम होने की आशंका जताई है. हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अलनीनो की वजह से बारिश में जो कमी होगी, उसे हिंद महासागर में में उठा डाइपोल पूरी कर देगा. इस डाइपोल की वजह से उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है.
अभी कहां है मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अपनी गति से आगे बढ़ा तो था, लेकिन शुक्रवार को बिहार में आकर थम गया. हालांकि अब मानसून के आगे बढ़ने में कोई रूकावट नहीं है. ऐसे में माना जा रहा है कि अगले दो-तीन दिनों में बिहार से आगे बढ़कर मानसून यूपी में प्रवेश कर सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अलनीनो के प्रभाव की वजह से इस साल सामान्य से 24 फीसदी तक कम बारिश हुई है. यदि इस अलनीनो का असर बढ़ता है तो संभावित बारिश थम सकती है. एक तरह से मॉनसून पॉज की स्थिति पैदा हो सकती है.
ऐसे पूरी होगी बारिश की कमी
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अभी हिंद महासागर डाइपोल (आईओडी) अभी तटस्थ है. अगस्त-सितंबर में यह एक्टिव हो सकता है. मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक डाइपोल की वजह से हिंद महासागर की ओर से देश में नमी का प्रवाह बढ़ेगा. इससे अलनीनो का प्रभाव कम होगा. परिणाम स्वरुप बारिश में तेजी आएगी. लेकिन इन परिस्थितियों के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा.
यूपी में झुलसाने वाली गर्मी
मौसम का तेवर कम करने में प्री-मानसून बेअसर रहा है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बार-बार बारिश तो हुई, लेकिन अभी पूरे प्रदेश और खासतौर पर पूर्वांचल में भीषण गर्मी पड़ रही है. इसी क्रम में मौसम विभाग ने एक बार फिर पूर्वांचल के अलावा दक्षिणी जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तापमान भी बढ़ेगी. इससे हीट इंडेक्स भी चरम पर होगा. इसकी वजह से अधिकतम तापमान 39.6 से बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
