ममता के आगे मौत भी हारी! बहराइच में तेंदुए के जबड़े से 6 साल की बेटी को खींच लाई मां
उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक मां ने अपनी 6 वर्षीय बेटी को तेंदुए के जबड़े से बहादुरी से बचाया. देर रात हुए इस हमले में तेंदुए ने बच्ची को दबोच लिया था, लेकिन मां की चीख-पुकार और हिम्मत से तेंदुआ भाग गया. बच्ची गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है.
उत्तर प्रदेश के बहराइच में जंगल से सटे गांवों में तेंदुए की दहशत लगातार बनी हुई है. अभी यहां सुजौली इलाके के टेपरा गांव में तेंदुए ने एक 6 साल की बच्ची का शिकार करने की कोशिश की. उसने बच्ची को अपने जबड़े में दबोच भी लिया, तभी बच्ची की मां आ गई और बच्ची को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई. इस दौरान मां की चीख-पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए. जिन्हें देखकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर वापस जंगल की ओर भाग गया.
तेंदुए के इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई है. उसे आनन फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया है. इस घटना के बाद एक तरफ जहां मां की बहादुरी की चर्चा हो रही है, वहीं आए दिन तेंदुए के आबादी क्षेत्र में घुसने पर दहशत की स्थिति है. बच्ची की मां बिंद्रावती के मुताबिक उसका गांव जंगल से सटे है और अक्सर तेंदुआ शिकार की तलाश में गांव में घुस आता है.
सुबह तीन बजे की घटना
ब्रिंदावती के मुताबिक घटना सोमवार-मंगलवार की रात करीब 3 बजे की है. रात में वह अपनी बच्ची के साथ ही सोई थी. सुबह भैंस को चारा देने के लिए वह उठी थी. इसी दौरान अचानक से तेंदुए ने उसकी बेटी पर हमला कर दिया. देखते ही देखते तेंदुए ने बेटी के गले को जबड़े में दबाकर घसीटना शुरू किया. यह देखते ही उसने शोर मचाते हुए तेंदुए से भिड़ गई. इतने में परिवार और पास पड़ोस के लोग भी उठ कर आ गए. उन्हें देखकर तेंदुआ भाग गया.
गले पर है गहरा जख्म
बिंद्रावती के मुताबिक उसकी बेटी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अब मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. मेडिकल कॉलेज में ईएमओ डॉ. आशीष वर्मा के मुताबिक बचची के गले पर तेंदुए के दांत के गहरे घाव हैं. शरीर के बाकी हिस्सों में भी जख्म हैं. फिलहाल यह बच्ची खतरे से बाहर है, लेकिन उसे डॉक्टरों की सघन निगरानी में रखा गया है.