‘हुजूर, मुझे भी न्योता …’ भानवी सिंह ने जताई धीरेंद्र शास्त्री से रामकथा सुनने की इच्छा, राजा भैया से की ये अपील
भानवी सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री की बेती राजमहल में हो रही रामकथा में शामिल होने की इच्छा जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पति राजा भैया से न्योता भेजने की मार्मिक अपील की है.
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में आज से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा शुरू हो रही है. कथा का आयोजन प्रतापगढ़ के बेंती में में कुंडा विधायक और जनसत्ता दल सुप्रीमो राज भैया करा रहे हैं. वह मुख्य यजमान भी हैं. उन्होंने हजारों लोगों को कथा में आने के लिए न्योता भेजा है. इसी बीच राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से रामकथा सुनने की इच्छा जताते हुए उनसे मार्मिक अपील की है.
पारिवारिक विवाद की वजह से राजा भैया से अलग दिल्ली में रह रही कुमारी भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर बड़े मान सम्मान के साथ राजा भैया से आग्रह किया है कि उन्हें भी कथा में शामिल होने और धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से कथा सुनकर जीवन को धन्य करने के लिए न्योता दिया जाए. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा है कि कुंडा स्थित ससुराल बेती राजभवन में आयोजित हो रही रामकथा की खबर सुनकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है.
जताई कथा में शामिल होने की इच्छा
इसी के साथ उन्होंने लिखा है कि उनकी मेरी भी हार्दिक अभिलाषा है कि वह इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में शामिल हों और बाबा बागेश्वर के दर्शन के साथ ही प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त करें. इसी के साथ उन्होंने राजा भैया को संबोधित करते हुए लिखा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मेरे हुजूर, रघुराज प्रताप सिंह मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का मान रखते हुए मुझे न्योता जरूर भेजेंगे.
की परिवार में पॉजिटिविटी की कामना
भानवी कुमारी ने अपनी पोस्ट में प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए लिखा है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो. कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों की वजह से उनके परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द खराब हुआ है. प्रभु श्रीराम इन शक्तियों का विनाश करें, यही प्रार्थना है. उन्होंने बाबा बागेश्वर से भी प्रार्थना करते हुए इस कार्य में सहयोग और आर्शीवाद की कामना की है.