रास्ते में गिरा था फोन… छात्र ने फोन कर सुनाई ऐसी कहानी, 4 घंटे तक हांफती रही इटावा पुलिस

इटावा में एक 15 वर्षीय छात्र ने खोया मोबाइल फोन ढूंढने के लिए ₹5.5 लाख की फर्जी लूट की खबर पुलिस को दी. यूपी 112 पर दी गई इस झूठी सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. चार घंटे की जांच के बाद सच्चाई सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई.

मामले की जांच करती पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक 15 वर्षीय छात्र ने यूपी 112 में फोन कर साढ़े पांच लाख की लूट की सूचना दी. इस सूचना पर जिले में हड़कंप मच गया. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद जब मामले का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई. दरअसल, इस लड़के का मोबाइल फोन रास्ते में कहीं गिर गया था. ढूंढने पर भी उसे नहीं मिला तो उसने पुलिस में लूट की सूचना दे दी.

उसे लगा था कि फोन गुम होने की सूचना पर पुलिस भले ही एक्टिव ना हो, लूट की सूचना मिलते ही पूरा महकमा एक्टिव हो जाएगा और उसे उसका फोन मिल जाएगा. लेकिन यही होशियारी इस छात्र को अब भारी पड़ गई है. पुलिस के मुताबिक मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी छात्र से कड़ाई पूछताछ की गई. इसमें उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली है. अब पुलिस उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी में है.

पुलिस में दी थी ये सूचना

आरोपी छात्र ने पुलिस में सूचना दी थी कि अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसका स्कूल बैग लूट लिया है. इसमें साढ़े पांच लाख रुपये नगद और एक मोबाइल फोन रखा था. इस सूचना पर पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं. करीब चार घंटे तक सघन खोजबीन हुई. आखिर में लूट की कहानी फर्जी निकली. सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह के मुताबिक मामला बसरेहर थाना क्षेत्र के संतोषपुर घाट गांव में सुबह करीब नौ बजे का है.

शाम पांच बजे दी सूचना

पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्र आदित्य शनिवार की सुबह करीब 9 बजे अपने चाचा की दुकान पर जा रहा था. रास्ते में उसका फोन गिर गया. उसने शाम तक फोन ढूंढा, लेकिन नहीं मिला. आखिर में आदित्य के चाचा सुमित शाक्य ने डायल-112 पर फोन कर लूट की झूठी सूचना दे दी. कहा कि इकदिल थाना क्षेत्र के चितभवन मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसके भतीजे का स्कूल बैग और मोबाइल फोन लूट लिया है.

Follow Us