बीमारी में चल बसे मां-बाप, बेटे को खा गया मगरमच्छ; अवशेषों से लिपटकर खूब रोए भाई-बहन… दिल दहला देगी कहानी
बहराइच में एक मगरमच्छ ने अनाथ 12 वर्षीय सुनील को निगल लिया, जिससे उसके भाई-बहन शव के अवशेषों से लिपटकर रो पड़े. बीमारी से माता-पिता खो चुके इस बच्चे पर हुए हमले से घाघरा नदी किनारे के गांवों में डर का माहौल है. वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है. ग्रामीण परिवार की मदद को आगे आए हैं. यह घटना दिल दहला देने वाली है.
उत्तर प्रदेश के बहराइच में दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक छठीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ खा गया. बिन मां-बाप का यह 12 साल का बच्चा अपने अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहा था. तभी घाघरा नदी से निकलकर झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने हमला कर दिया. और बच्चे को खींचकर नदी में ले जाने लगा. उस समय उसके चाचा ने उसे बचाने की खूब कोशिश की. उसके हाथ पकड़कर खींचते रहे, लेकिन मगरमच्छ बच्चे को जबड़े में दबाकर नदी में खींच ले जाने में सफल हो गया.
इसके बाद बच्चे को बचाने के लिए गांव वालों ने नदी में जाल डाला, इसमें मगरमच्छ फंस भी गया था. लेकिन जाल खींचने में एक बार तो लगा कि नाव ही पलट जाएगी. ऐसे में जाल काटकर मगरमच्छ को छोड़ना पड़ा. हालांकि इस रस्साकस्सी में बच्चे का अधखाया शव जाल में फंस गया. लोग शव के अवशेषों को लेकर बाहर निकले तो उसे देखकर इस बच्चे की 14 वर्षीय बहन और 10 वर्षीय भाई उससे लिपटकर रोने लगे. यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग रो पड़े.
वायरल हुआ था वीडियो
घटना बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव की है. इस घटना का एक वीडियो शुक्रवार को काफी तेजी से वायरल हुआ था. यह वीडियो बेहद डराने वाला था. बच्चे की पहचान 12 वर्षीय सुनील सिंह के रूप में हुई है. करीब सात साल पहले इस बच्चे की मां की मौत बीमारी की वजह से हो गई थी. वहीं पांच साल पहले उसके पिता भी चल बसे थे. ऐसे में यह बच्चा अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ अपने चाचा के संग रहता था.
बच्चे की मदद को आए लोग
बताया जा रहा है कि बच्चे का परिवार आर्थिक रूप से कमज़ोर है. ऐसे में इस परिवार की मदद के लिए गांव के लोग आगे आए हैं और चंदा जुटाया जा रहा है. उधर, इस घटना के बाद घाघरा नदी के किनारे बसे गांवों में डर का माहौल बन गया है. लोग अब नदी के किनारे जाने में भी डरने लगे हैं. यहां तक कि किसान भी नदी के किनारे वाले खेतों में नहीं जा रहे. हालात को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है. रेंजर मोहम्मद शाकिब के मुताबिक लोगों को नदी से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है.
डरा देगा दृष्य
वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा दृष्य डरावना है. इसमें दिख रहा है कि बच्चा धान की रोपाई के बाद नदी के किनारे हाथ पैर धो रहा है. इतने में झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने हमला किया. इससे बच्चे की चीख निकल गई. यह देखकर उसके चाचा बचाने दौड़े. एक तरफ मगरमच्छ बच्चे को नदी की ओर खींच रहा था, वहीं उसके चाचा उसे पकड़ कर बाहर की ओर खींच रहे थे. कुछ देर तो यह संघर्ष चला, लेकिन मगरमच्छ की ताकत के आगे बच्चे के चाचा हार गए.
