पहले बच्चे को खींच ले गया मगरमच्छ , अब घर में सो रहे बुजुर्ग पर झपटा बाघ; नरभक्षी की दहशत में लोग

उत्तर प्रदेश के बहराइच में वन्यजीवों का आतंक बढ़ गया है. एक बाघ ने घर में सो रहे बुजुर्ग को मार डाला, जबकि कुछ दिन पहले एक मगरमच्छ ने बच्चे पर हमला किया था. सीतापुर में भी बाघ के हमले की खबर है. इन घटनाओं से पूरे तराई क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग से प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बहराइच में लोग नरभक्षी जीवों से दहशत में हैं. शुक्रवार को यहां एक बच्चे पर मगरमच्छ के हमले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. 24 घंटे के अंदर ही अब एक नई घटना हो गई है. इसमें घर के अंदर सो रहे बुजुर्ग को बाघ उठा ले गया. शनिवार की भोर में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. यह घटना बहराइच में मोतीपुर थाना क्षेत्र में अहिरनपुरवा गांव का है. यह गांव कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज में है.

जानकारी के मुताबिक इस गांव में रहने वाले 86 वर्षीय बुजुर्ग श्रीराम यादव अपने घर के बरामदे में सो रहे थे. दूसरी चारपायी पर उनका भांजा इंद्रेश यादव सो रहा था. इसी दौरान अचानक से बाघ आया और श्रीराम यादव को जबड़े में दबाकर भागने लगा. उनकी चींख सुनकर इंद्रेश की भी नींद खुल गई और वह अपने मामा को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गया. उसने बाघ के जबड़े से श्रीराम को छुड़ा भी लिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

गांव में फैली दहशत

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. गांव वालों के मुताबिक घटना के वक्त चीख पुकार होने से आसपास के घरों में सोए लोग भी उठकर पहुंच गए. भीड़ देखकर बाघ घायल बुजुर्ग को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने श्रीराम यादव का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर, घटना के बाद वन विभाग की टीम एक्टिव हो गई है. हालांकि वन विभाग के अधिकारी इसे तेंदुए का हमला बता रहे हैं.

परिजनों की दिलाई सहायता

डीएफओ अपूर्व दीक्षित के मुताबिक टीम मौके पर जांच पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगा कि हमला तेंदुए ने किया है या बाघ ने. फिलहाल मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. बता दें कि बहराइच के ही बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में गुरुवार की देर शाम एक 12 साल के बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला किया था. बिन मां-बाप का यह 12 साल का बच्चा अपने अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहा था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

सीतापुर में भी बाघ का हमला

उधर, सीतापुर जिले में भी एक बाघ के हमले का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि हाल ही में एक किसान पर बाघ ने हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने तराई क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. स्थानीय लोग वन विभाग से गश्त बढ़ाने, प्रभावित गांवों में निगरानी तेज करने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.

Follow Us