बहराइच में फिर आया आदमखोर! महिला पर किया हमला, पहरेदारी में जुटे ग्रामीण

बहराइच में एक बार फिर आदमखोर भेड़िए ने महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. शिवबक्स पुरवा गांव में हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है, जो लाठी-डंडों से भेड़िए की तलाश कर रहे हैं. वन विभाग की टीम पग मार्क के आधार पर हमलावर जानवर की पहचान में जुटी है.

इलाके में भेड़िए की दहशत

उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक बार फिर आदमखोर भेड़िए ने दस्तक दे दी है. इस भेड़िए ने हरदी थाना क्षेत्र के शिवबक्स पुरवा गांव में एक महिला के ऊपर हमला भी किया है. इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है. आनन फानन में गांव के लोग हाथों में लाठी डंडा लेकर इस भेड़िए की तलाश शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक शिवबक्स पुरवा गांव में रहने वाली महिला रामावती शनिवार की शाम को अपने खेतों में काम कर रही थी. इसी दौरान झाड़ियों में से निकलकर भेड़िए ने रामावती के ऊपर हमला कर दिया. रामावती का कहना है कि हमला अचानक हुआ, इसलिए वह ठीक से तो नहीं देख पायी, लेकिन उसे अनुमान है यह हमला भेड़िए ने किया है. रामावती के चीखने चिल्लाने पर यह जानवर उसे छोड़कर वापस खेतों में भाग गया.

परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल

रामावती की चीखपुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे लोग भागकर पहुंचे और उसे लहुलुहान हालत में देखकर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने जंगली जानवर के हमले की पुष्टि की है. परिजनों से बातचीत में पीड़िता ने बताया कि भेड़िए का मुंह काफी लंबा और डरावना था. वह दबे पांव आया और अचानक से उसके ऊपर हमला किया, इसलिए उसे संभलने का भी मौका नहीं मिला. गनीमत रही कि उसकी चीखपुकार सुनकर भेड़िए उसे छोड़कर भाग गया.

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. गां वालों ने आक्रोश जाहिर करते हुए प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा की मांग की है. लोगों के आक्रोश को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पग मार्क के आधार पर हमलावर जानवर की पहचान में जुट गई है. बता दें कि इस इलाके में जंगली जानवरों की दस्तक आबादी क्षेत्र में लगातार मिल रही है. कई बार आदमखोर जानवर लोगों पर हमले भी कर चुके हैं.