बलिया में तालाब से निकला 51 MM का मोर्टार गोला, पाकिस्तान से कनेक्शन की क्यों जताई जा रही आशंका?
बलिया के गंगापुर गांव में ईंट भट्टे के लिए तालाब का पानी निकालकर उसे समतल करने का काम चल रहा था. कुछ बच्चे मछली पकड़ने के लिए तालाब में उतरे थे. इस दौरान उन्हें वहां पुराना मोर्टार का गोला मिला.मोर्टार पर 'ODR 11.06', 'सर्कल में 204A' और '51 MM M ILLG' स्पष्ट रूप से अंकित था. इस पर चांद-सितारे का चिन्ह भी बना हुआ है. ऐसे में लोग इसका कनेक्शन पाकिस्तान से जोड़ रहे हैं.
बलिया के मनियर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में एक ईंट भट्ठे के लिए एक पुराने तालाब की खुदाई चल रही है. इस दौरान वहां खेल रहे बच्चों को 51 एमएम का एक संदिग्ध मोर्टार गोला मिला है. इसपर दिख रहे निशान के चलते लोगों द्वारा इसका कनेक्शन पाकिस्तान से जोड़ा जा रहा है. इस मौर्टार पर चांद-तारा का चिन्ह अंकित है. फिलहाल, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच भी शुरू कर दी है.
मछली पकड़ रहे बच्चों को मिला मोर्टार का गोला
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है. ईंट भट्टे के लिए तालाब का पानी निकालकर उसे समतल करने का काम चल रहा था. कुछ बच्चे मछली पकड़ने के लिए तालाब में उतरे थे. उन्हें ही यह पुराना मोर्टार का गोला मिला. बच्चे इसे कबाड़ समझकर इसे काटने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान बड़े लड़कों ने उन्हें देख लिया. ऐसा करने से रोक दिया.
युद्ध का अवशेष या किसी साजिश का हिस्सा?
मोर्टार पर ‘ODR 11.06’, ‘सर्कल में 204A’ और ’51 MM M ILLG’ स्पष्ट रूप से अंकित था. इस पर चांद-सितारे का चिन्ह भी बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब काफी पुराना है. यहां हमेशा पानी रहता है. ऐसे में यहां मोर्टार कैसे पहुंच गया बता पाना मुश्किल है. फिलहाल. स्थानीय लोग इसे किसी पुराने युद्ध का अवशेष या किसी साजिश का हिस्सा मान रहे हैं.
पुलिस ने मोर्टार के गोले को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
ग्रामीणों की सूचना पर मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने मोर्टार गोले का मुआयना कर आला अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी. फिर फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मोर्टार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है. इलाके में हड़कंप का माहौल है. तरह-तरह की चर्चाएं हैं. लोग सतर्कता बरत रहे हैं.