कौन हैं IAS अविनाश सिंह, जिनका गनर जागेश्‍वर धाम के गर्भगृह में कार्बाइन लेकर घुस गया

अल्‍मोड़ा स्थित जागेश्‍वर धाम गए अविनाश सिंह के साथ उनका गनर भी हथियार लिए मंदिर के गर्भगृह में घुस गया. अब विवाद बढ़ने के बाद अविनाश सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि गनर भूलवश गर्भगृह में कार्बाइन के साथ घुस गया होगा. बता दें अविनाश सिंह 2014 बैच के आईएस अधिकारी हैं.

आईएस अविनाश सिंह Image Credit:

बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह सुर्खियों में हैं. रविवार यानी 19 अप्रैल को वह उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जगेश्नवर धाम में परिवार से साथ दर्शन करने गए थे. आरोप है कि इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह के साथ उनका गनर भी असलहा लेकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गया. अब इस पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. पुजारियों ने इसपर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है.

मंदिर के पुजारियों का कहना है कि इससे सदियों पुरानी परंपरा का उल्ळंघन हुआ है. रोके जाने के बावजूद डीएम अविनाश सिंह का गनर कार्बाइन लेकर गर्भगृह में घुस गया. पुजारियों ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्‍यमंत्री तक यहां आ चुके हैं. लेकिन उनका भी कोई सुरक्षाकर्मी हथियार लेकर गर्भगृह में नहीं घुसा है. यहां किसी तरह का खतरा नहीं रहता. लेकिन गनर सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन का हवाला देते हुए मंदिर के अंदर घुस गया.

अविनाश सिंह की प्रतिक्रिया आई सामने

विवाद के बाद इस मसले पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि गनर भूलवश गर्भगृह में कार्बाइन के साथ घुस गया होगा. जो हुआ वह भूलवश हुआ होगा. उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता का इस साल जनवरी में निधन हो गया था. हम हवन-पूजन कराने के लिए वहां पहुंचे थे. इस दौरान बीच में पानी की जरूरत पड़ी, वही देने गनर अंदर आया था.

2023 में पहली बार मिली थी डीएम की पोस्टिंग

बरेली के डीएम अविनाश सिंह 2014 बैच के आईएएस अफसर हैं. वह जौनपुर के रहने वाले हैं. गोरखपुर में नगर आयुक्त का पद भी संभाल चुके हैं. मिर्जापुर में मुख्‍य विकास अधिकार रह चुके हैं. 2023 में पहली बार उन्हें जिलाधिकारी की पोस्टिंग मिली थी. उन्हें अबेंडकरनगर का डीएम बनाया गया था. फिर 2025 में उन्हें बरेली का जिलाधिकारी बनाया गया था.

अखिलेश यादव के निशाने पर आ चुके हैं अविनाश सिंह

बरेली में जुमे की नमाज के बाद बवाल की घटना के बाद भी वह सुर्खियों में आए थे. उनपर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा था कि बरेली में शासन और प्रशासन ने मिलकर बवाल कराया है. अविनाश सिंह जैसे लोग जिलों में रहकर बीजेपी को फायद कराते हैं. अगर इतना शौक है तो चुनाव क्‍यों नहीं लड़ लेते हैं.

Follow Us