भीषण गर्मी की चपेट में पूरा UP, 32 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, इस तारीख तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक यूपी में लू का अलर्ट जारी किया है. हीटवेव के चलते लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ना शुरू हो गया है. इसके चलते बीमार होने वाले मरीजों की अस्पतालों में संख्या बढ़ने लगी है.ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

उत्तर प्रदेश में सता रही गर्मी Image Credit:

उत्तर प्रदेश में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक प्रदेश में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की आशंका है.ऐसे में आईएमडी ने लोगों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

मौसम विभाग ने लोगों को दी ये सलाह

मौसम विभाग के मुताबिक धूप तेज होने के कारण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. ऐसे में लोग खुद को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी पीते रहे और हल्के और सूती कपड़े पहने. इसके अलावा दिन के वक्त बहुत जरूरत पड़ने पर ही घर के बाहर निकले. फिलहाल, लू के चलते बीमार होने वाले मरीजों की अस्पतालों में संख्या बढ़ने लगी है.

यूपी के 32 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी. सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आस पास के क्षेत्र समेत 32 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है.

मई-जून में और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने एक और पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के मुताबिक अप्रैल में पारा सामान्य या सामान्य के आसपास रहेगा.वहीं, मई और जून में गर्मी में दिन और रात का पारा सामान्य से अधिक रहने की आशंका रहेगा. इसका मतलब ये हुआ भीषण गर्मी की तो अभी शुरुआत हुई है. मई और जून में पारा और हाई रहेगा और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहेगा.

प्रयागराज रहा सबसे गर्म जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में लू की स्थिति बनी रही है. इस दौरान 44.4 डिग्री के साथ प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा. फिर वाराणसी में 44, सुल्तानपुर में 43.3, बांदा में 43 और आजमगढ़ में 42.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, 17.5 डिग्री के साथ नजीबाबाद सबसे कम तापमान वाला जिला रहा है. फिर बहराइच 20.8, बस्ती में 21, गोरखपुर में 21.5 और इटावा में 22 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

Follow Us