अवैध संबंधों में बाधा बन रही थी बीवी, पति ने GF संग रची साजिश और दे दी खौफनाक मौत
उत्तर प्रदेश के बलिया में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों में बाधा बन रही पत्नी प्रीती की पति ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या कर दी. आरोपियों ने पहले पत्नी को जहरीला पदार्थ दिया, फिर गला घोंटकर शव सुनसान जगह फेंक दिया. पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना समाज में बढ़ रहे ऐसे अपराधों को उजागर करती है.
अवैध संबंध में बाधा बनने पर पतियों की हत्या की खबरें खूब आ रही हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश के बलिया में एक पत्नी की हत्या की वारदात हुई है. यह वारदात एक पति ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर अंजाम दिया है. मामला बलिया कोतवाली थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने शिवपुर दियर से महिला का शव बरामद करने के बाद आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने हैरतंगेज खुलासा किया है.
बताया कि आरोपी पति ने पहले अपनी पत्नी को कोई जहरीला पदार्थ पिलाया, और फिर बेहोश हो गई तो बयासी पुल के पास सूनसान इलाके में जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी. इस दौरान आरोपी की गर्लफ्रेंड भी उसके साथ रही. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से मृत महिला की पहचान से जुड़े सामान बरामद किए हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जरूरी पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है.
एक हफ्ते पहले हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक 24 मई को शिवपुर दियर में बयासी पुल के पास झाड़ियों में अज्ञात महिला का शव मिला था. पुलिस ने शव की पहचान कराई और उसके घर वालों से पूछताछ की. इस दौरान आरोपी ने अनजान बनते हुए बताया था कि उसकी पत्नी कहीं चली गई है. हालांकि पुलिस की जांच में शक आरोपी पर हुआ और जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात कबूल ली.
पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
महिला के पिता ने पुलिस में तहरीर दी है. बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रीती की शादी पिछले साल 6 मार्च को रेवती नगर में रहने वाले चुन्नीलाल प्रजापति के साथ की थी. शादी के बाद से उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था. कई बार दहेज में रुपयों की डिमांड की गई. इसी बीच 22 मई को उन्हें बताया गया कि वह कई चली गई है. इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई.
