जब ताजिए के जुलूस में बरसे नोट, लूटने के लिए हो गया बवाल; खूब चले लाठी डंडे… वीडियो वायरल
मोहर्रम का जुलूस निकल रहा था. बड़ी संख्या में लोग इस जुलूश में शामिल थे. माहौल सामान्य था. इसी दौरान कुछ लोगों ने ताजिए के सामने नोट उड़ाने शुरू कर दिए. नोट जमीन पर गिरते ही लूटने के लिए लोगों में धक्का मुक्की शुरू हो गई. फिर कुछ देर बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी नोट उड़ाए गए. इस बात पर दोनों पक्षों में लड़ाई झगड़े शुरू हो गए.
उत्तर प्रदेश के बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में ताजिए के जुलूस के दौरान बड़ा बवाल हुआ. यहां पदार्थपुर गांव में मोहर्रम के दौरान ताजिए के जुलूस में कुछ लोग नोट उड़ाने लगे. इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से झगड़ा हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. मौके पर मौजूद पुलिस ने पहले तो लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब सात बजे गांव में मोहर्रम का जुलूस निकल रहा था. बड़ी संख्या में लोग इस जुलूश में शामिल थे. माहौल सामान्य था. इसी दौरान कुछ लोगों ने ताजिए के सामने नोट उड़ाने शुरू कर दिए. नोट जमीन पर गिरते ही लूटने के लिए लोगों में धक्का मुक्की शुरू हो गई. फिर कुछ देर बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी नोट उड़ाए गए. इस बात पर दोनों पक्षों में लड़ाई झगड़े शुरू हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल गर्म हो गया.
खूब चले लाठी डंडे
आरोप-प्रत्यारोप और गाली गलौज के बीच लोग लाठी डंडे लेकर आमने-सामने आ गए. जुलूस में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित जगह की ओर भागते नजर आए. घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने हालात संभालने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और जुलूस को आगे बढ़ाने की अपील की, लेकिन कुछ लोग नहीं माने. इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और उपद्रव करने वालों को मौके से खदेड़ा.
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
स्थिति सामान्य होने के बाद जुलूस को आगे बढ़ाया गया. इस घटना के दौरान मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किए हैं. घटना के कुछ ही देर बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आने लगे. इन्हीं वीडियो के आधार पर पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने विवाद बढ़ाने और माहौल खराब करने में भूमिका निभाई. एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
