पिछले महीने हुई शादी, अब नगदी जेवर लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन; सदमे में डॉक्टर पति
उत्तर प्रदेश के बांदा में एक लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है. बीते 19 फरवरी को शादी के बाद एक महीने में ही वह नगदी और जेवर लेकर फरार हो गई है. डॉक्टर पति की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन, उसके BF सहित तीन पर मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस प्रेम प्रसंग एंगल से जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
उत्तर प्रदेश के बांदा में एक लुटेरी दुल्हन की कहानी सामने आई है. इस दुल्हन की 19 फरवरी को ही शादी हुई और एक महीने बाद ही वह घर से नगदी-जेवर आदि समेट कर फरार हो गई. इस संबंध में उसके डॉक्टर पति ने पुलिस में शिकायत देते हुए उसे खोजने की गुहार लगाई है. बांदा पुलिस ने इस लुटेरी दुल्हन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
मामला बांदा के कालिंजर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले एक डॉक्टर की पिछले महीने 19 फरवरी को नरैनी थाना क्षेत्र की युवती से शादी हुई थी. शादी के बाद वह दुल्हन को विदाकर अपने घर ले आए, लेकिन एक महीने बाद ही दुल्हन घर से लापता हो गई. डॉक्टर एवं उनके परिवार वालों को शक हुआ तो घर में नगदी जेवर चेक किया. पता चला कि दुल्हन घर से सारे कीमती सामान भी लेकर गई है.
तीन लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर लुटेरी दुल्हन एवं उसके BF समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने इन तीनों लोगों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया है. वहीं मैन्युअल इंटेलिजेंस के सहारे भी आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक घटना 22 मार्च की देर रात का है. बताया जा रहा है कि तीन युवक किसी कार में आए थे और दुल्हन को अपने साथ ले गए हैं.
प्रेम प्रसंग का भी आया एंगल
पुलिस के मुताबिक दुल्हन शादी के पहले से ही प्रेम प्रसंग में थी. वह करीब दो साल से किसी लड़के के संपर्क में थी. यह लड़का वीडियोग्राफी का काम करता है. कालिंजर थाना प्रभारी सुखराम सिंह के मुताबिक पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जल्द ही लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा. वहीं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित किया है.