बाराबंकी में दो पक्षों में हुई थी मारपीट, अब दरोगा का वीडियो वायरल, बोला-गलत पक्ष पर लिखी गई FIR

मसौली थाना क्षेत्र के देवकलिया गांव में बीते दिनों हुए दो समुदायों के बीच विवाद को लेकर एक दरोगा का वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह कबूल करते हुए नजर आ रहा है कि पुलिस की तरफ से गलत पक्ष पर कार्रवाई हुई है.

बाराबंकी में दरोगा का वीडियो वायरल होने से हड़कंप Image Credit:

बाराबंकी के देवकलिया गांव में दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था. अब उस मामले में पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. दअरसल, सोशल मीडिया पर मसौली थाने के एक दरोगा का 49 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई है.

वायरल वीडियो में दरोगा राहुल शर्मा एक फोन कॉल पर बातचीत के दौरान कथित रूप से यह कहते सुने जा रहे हैं कि विवाद के मामले में गलत पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वह वीडियो में यह भी कहते भी सुने जा रहे हैं कि मुस्लिम पक्ष के लोग बेकसूर हैं.

वीडियो में यादव पक्ष को दोषी बता रहा दरोगा

वायरल वीडियो में दरोगा यह भी कहता हुआ नजर आ रहा है कि यादव पक्ष के लोग गलत जगह पर गाय बांध रहे हैं. झगड़े की शुरुआत भी उन्हीं की तरफ से हुई थी. दरोगा के इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ही पूरे इलाके में हलचल मच गई है. लोग अब पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं.

10 अक्टूबर को हुआ था विवाद

बता दें कि देवकलिया गांव में बीते 10 अक्टूबर को यादव और मुस्लिम पक्ष के बीच मारपीट की घटना हुई थी. इस मामले में यादव पक्ष की तहरीर पर मुस्लिम पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. अब इसी मामले से जुड़ा दरोगा का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उपनिरीक्षक राहुल शर्मा यादव पक्ष को दोषी और मुस्लिम पक्ष को निर्दोष बताते हुए दिख रहे हैं.

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई है. लोगों का कहना है कि यह वीडियो पुलिस की निष्पक्षता पर सीधा सवाल उठाता है और जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला है. जिम्मेदार पदों पर बैठे हुए लोगों को अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभानी चाहिए. किसी एक का पक्ष नहीं लेना चाहिए.

Follow Us