प्यार के इजहार में कंजूसी ना करें… चुनावी रैली में मोहब्बत का पाठ, ओवैसी का ये रूप देखा क्या?

एक चुनावी रैली में असदुद्दीन ओवैसी का एक नया रूप सामने आया है, इसमें वह लोगों को अपनी पत्नियों से प्यार का इजहार करने की सलाह देते नजर आ रहे हैं. उनके भाषण का यह अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आमतौर पर धारदार बयानों के लिए मशहूर ओवैसी का यह अंदाज लोगों को चौंका रहा है.

ओवैसी का भाषण वायरल Image Credit:

उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां जोर पकड़ रही हैं. सभी राजनीतिक दल चुनावी गणित बनाने में जुट गए हैं. इसी बीच ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी लगातार चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं. एक रैली में उनके भाषण का एक हिस्सा इस समय सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें वह लोगों को मोहब्बत का पाठ पढ़ाते नजर आ रहे हैं.

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवेसी ने अपने लोगों को समझाते हुए कहा कि मियां-बीवी के रिश्ते में मोहब्बत कायम रहना चाहिए. इसके लिए इजहार करना होता है. उन्होंने कहा कि अपनी बीवी के सामने प्यार का इजहार करने में संकोच ना करें. केवल सुबह शाम ही नहीं, बल्कि जब मौका मिले अपनी बीवी से मोहब्बत का इजहार करिए. खासतौर पर सोने से पहले बीवी को जरूर एहसास कराएं कि आप उनसे कितना मोहब्बत करते हैं.

पहली बार नजर आया ओवैसी का ये रूप

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का यह रूप सार्वजनिक मंच पर पहली बार देखने को मिला है. अब तक उन्हें कटाक्ष के साथ धारदार भाषण के लिए जाना और पहचाना जाता था. ऐसे में जब ओवैसी चुनावी मंच से मोहब्बत का पाठ पढ़ाते नजर आए तो लोगों ने भी उनकी खूब तारीफ की. देखते ही देखते उनका यह नया अंदाज सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा. लोगों ने उनके इस वीडियो पर तरह तरह के रिएक्शन दिए हैं.

यूपी में जमीन तैयार कर रहे अवैसी

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी प्रदेश में चुनावी जमीन तैयार करने में जुट गए हैं. इसी क्रम में वह अलग अलग क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और पार्टी संगठन की मजबूती में जुटे हैं. उन्होंने अपने चुनावी भाषण में लोगों को बीजेपी की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता नहीं चाहती की सूबे में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बने. उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने की इच्छा रखता है, उसके साथ वह बातचीत कर सकते हैं.

Follow Us