सात फेरे पूरे, विदाई से पहले हो गया… बाराबंकी में दूल्हा निकला किन्नर, बाराती हुए फुर्र
बाराबंकी में एक अजब-गजब मामला सामने आया है. दरअसल, यहां शादी करने आया एक दूल्हा असल में किन्नर निकला. असलियत सामने आने के बाद दुल्हन के परिवार ने दूल्हे को बंधक बना लिया. हालांकि, कुछ वक्त बाद किन्नर समुदाय के लोग अपने साथ दूल्हे को लेकर चले गए.
बाराबंकी से एक हैरान करने वाला सामने आया है. यहां एक शख्स शादी करने पहुंचा था. लेकिन उससे पहले ही ऐसा खुलासा हुआ कि लड़की वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई. बारात लेकर आया दूल्हा असल में किन्नर निकला. दूल्हे की असलियत सामने आते ही बाराती रफूचक्कर हो गए.
7 फेरे पूरे हो गए थे, दुल्हन की विदाई थी बाकी
मामला कोठी थाना क्षेत्र का है. यहां की रहने वाली एक युवती की शादी रामसनेहीघाट क्षेत्र के दिनौना के पूरे गनई गांव के युवक रिशु से तय हुई थी. 13 फरवरी को शादी बारात आई. दूल्हा और दुल्हन का परिवार बेहद खुश था. जयमाल के बाद 7 फेरे भी हो गए थे. सिर्फ दुल्हन की विदाई बाकी थी. इस बीच दूल्हे की पोल खुल गई.
किन्नरों को देख उड़ गया दूल्हे के परिवार का होश
दरअसल, सुबह जब किन्नरों की टोली नेग लेने विवाह स्थल पर पहुंची तो उनके होश उड़ गए. किन्नरों को देख दूल्हे के परिवार वाले भी घबरा गए. इस दौरान दूल्हें के परिजनों ने किन्नरों के हाथों पर 23 हजार रुपये रख, चुप रहने का इशारा किया. यह सब घटनाक्रम देख दुल्हन के परिवार को कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ.
दूल्हे का खुलासा होते ही बाराती हो गए फुर्र
दुल्हन के एक चचेरे भाई के मुताबिक फिर हमने दूल्हे को चेक करने के लिए कमरे में चलने को कहा तो उसने इनकार कर दिया और गुस्सा होने लगा. इस बीच किन्नरों ने दूल्हे की असलियत का खुलासा सबके सामने कर दिया. इधर मामला खुला उधर बाराती फुर्र हो गए. लेकिन दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को बंधक बना लिया.
दूल्हे को अपने साथ ले गए किन्नर समुदाय के लोग
किन्नरों ने बताया कि युवक पहले उन्हीं की टोली के साथ घूमता था. ढोलक बजाता था. फिलहाल, दुल्हन के परिवार ने इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं कराया है. उधर दूल्हे के पक्ष ने शादी में खर्च हुए पैसे लौटाने की बात कही. लेकिन इस सबके बीच पुलिस के पहुंचने से पहले ही किन्नर समुदाय के लोग दूल्हे को अपने साथ लेकर चले गए.