ग्रेटर नोएडा में इंजीयनियर युवराज जैसा मामला, अब गड्ढे में गिरकर 3 साल के मासूम की मौत
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में एक तीन साल के बच्चे की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई. वह अपनी मां के साथ घर के पास की एक मंदिर में भंडारा खाने गया था. इस दौरान खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे के पास चला गया. इस दौरान उसका पैर फिसला वह गड्ढे में गिर गया.
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे के दलेलगढ़ गांव में सेक्टर 150 जैसी घटना हुई है. यहां मंदिर के पास एक पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक मासूम की मौत हो गई है. इस मामले में प्राधिकरण और जिला प्रशासन की बहुत बड़ी लापरवाही भी सामने आ रही है. 04 जनवरी 2026 को दलेलगढ़ विकास समिति के ग्राम अध्यक्ष की तरफ से गांव के आसपास बने गड्ढों को भरने के लिए शिकायत दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने इसपर कोई कदम नहीं उठाया.
खेलते-खेलते गड्ढे में गिर गया देवांश
दलेलगढ़ गांव के रहने वाले अनिल की बेटी अंजलि कुछ दिन पहले अपने ससुराल सिकंदराबाद से 3 साल के बेटे देवांश और बेटी के साथ मायके आई थी. रविवार यानी 14 फरवरी को घर पास स्थित मंदिर में भंडारा था. अंजली भी इसमें बच्चों संग शामिल हुई थी. इस बीच देवांश खेलते-खेलते गड्ढे के पास चला गया. इस दौरान उसका पैर फिसला वह गड्ढे में गिर गया.
बच्चे के गायब होने पर परिजनों शुरू की तलाश
काफी देर तक जब देवांश का पता नहीं चला तो परिवार ने बच्चे की खोजबीन शुरू की. पुलिस और प्रशासन को भी बच्चे के लापता होने की जानकारी दी गई. बच्चे को गड्ढे की तरफ जाने की आशंका पर पुलिस और प्रशासन टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरुआत की. इस दौरान बच्चे का शव पानी भरे एक गड्ढे में मिला. बच्चे के शव की बरामदगी के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसर गया.
प्रशासन से कई बार गड्ढों को लेकर की जा चुकी थी शिकायत
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बेहद गुस्सा है. लोगों का कहना है कि गड्ढे में पानी भरने की शिकायत पहले भी दी जा चुकी थी. लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया. 04 जनवरी 2026 को दलेलगढ़ विकास समिति के ग्राम अध्यक्ष की तरफ से गांव के आसपास बने गड्ढों को भरने के लिए शिकायत दी गई थी. लेकिन प्रशासन ने इस शिकायत पर कोई ऐतिहायती कदम उठाना भी उचित नहीं समझा.
