कुट्टू के आटा खाने से 40 से ज्यादा लोगों की बिगड़ी तबीयत, नोएडा के इन दो सोसाइटियों में हड़कंप
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इको विलेज-3 और हिमालया प्राइड सोसाइटी में कुट्टू का आटा खाने से 40 से ज्यादा लोगों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. एक के बाद एक कई लोगों के बीमार होने से दोनों सोसाइटियों में हड़कंप मच गया.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दो सोसाइटियों के निवासियों को महाशिवरात्रि के वत्र में कुट्टू का आटा खाना भारी पड़ गया. इको विलेज-3 और हिमालया प्राइड सोसाइटी में कुट्टू का आटा खाने से 40 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं. इनमें से कई की तबीयत ऐसी बिगड़ी कि उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. दोनों सोसाइटियों में ऐसी स्थिति आने के बाद रहवासियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
कुट्टू का आटे का सेवन करते ही बिगड़ गई तबीयत
ईकोविलेज-3 के निवासियों के मुताबिक महाशिवरात्रि के मौके पर शाम को लोगों ने व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे का सेवन किया था. इसके थोड़ी देर बाद ही अचानक से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. लोगों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. एक के बाद एक कई लोगों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर न्यूमेड अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है.
कईयों का अब भी चल रहा इलाज
फिलहाल, कुछ लोगों की तबीयत में सुधार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है. हालांकि, कई अब भी अस्पताल में एडमिट हैं. डॉक्टर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. इस तरह की स्थिति आने के बाद लोग खाद्य विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल उठा रहे हैं.
इको विलेज में 25 तो हिमालय प्राईड में 15 से ज्यादा बीमार
इको विलेज-3 सोसाइटी निवासी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि रात में अचानक से सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी मिली कि कुट्टू के आटा खाने से 25 से ज्यादा लोग बीमार हो गए. सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, हिमालय प्राईड समिति के एक रेजिडेंट्स ने भी बताया कि सोसायटी में करीब 15 से ज्यादा लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार हो गए हैं. इसमें से कुछ मरीजों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मिलावटी आटे की आशंका
सोसाइटी के निवासियों के मुताबिक पास के ही एक स्थानीय मार्केट से ऑनलाइन कुट्टू का आटा मंगवाया गया था. इसके अलावा कुछ लोग बाजार से आटा खरीदकर लाए थे. ये आटा खराब और मिलावटी हो सकता है, जिसके चलते लोगों में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत मिली है.
खाद्य विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद खाद विभाग की भूमिका पर एक बार फिर सवाल उठे हैं. लोगों का कहना है कि बाजार में लगातार मिलावटी सामान मिल रहे हैं, लेकिन खाद्य विभाग की तरफ से कार्रवाई नहीं हो रही है. पहले भी इस तरह के मामले आ चुके हैं लेकिन विभाग की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. फिलहाल, खाद्य विभाग का इस मामले पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है.