पहले गूगल मैप से मंदिरों की करता था रेकी, फिर करता चोरी… 72 घंटे में गिरफ्तार
बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित अवसनेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी का मामला महज 72 घंटे में सुलझ गया. मुख्य आरोपी वीरेंद्र और माल खरीदने वाले एक ज्वेलर को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के पास से करीब 4 किलो 769 ग्राम चांदी और 87 हजार रुपये नगद बरामद हुए. वीरेंद्र ने कई मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित अवसनेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की घटना का बाराबंकी पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. साथी भारी मात्रा में माल भी बरामद कर लिया है. स्वाट, सर्विलांस और हैदरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया है. इनके पास से करीब 4 किलो 769 ग्राम चांदी और 87 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं.
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी वीरेन्द्र कुमार ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. यह शातिर चोर पहले गूगल के जरिए बाराबंकी और आसपास के जिलों के बड़े और पौराणिक मंदिरों की तलाश करता था. मंदिर चिन्हित करने के बाद वह वहां की रेकी करता था और फिर रात के अंधेरे में ताला तोड़कर कीमती आभूषण चोरी कर लेता था. वीरेन्द्र ने ही 3/4 फरवरी की रात अवसानेश्वर मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर चांदी का छत्र और अरघे पर मढ़ा हुआ चांदी चोरी किया था.
चोरी का सामान खरीदने वाला ज्वैलर भी गिरफ्तार
चोरी की वारदात के बाद वीरेन्द्र इन आभूषणों को देवीगंज स्थित एक ज्वैलरी दुकान पर जय विश्वकर्मा को सस्ते दामों में बेच देता था. पुलिस ने जब दबिश दी तो ज्वेलर के पास से गलाए गए छत्र और अरघे की चांदी बरामद हुई. बरामद माल में 4 किलो 190 ग्राम अरघे की चांदी और 579 ग्राम छत्र की चांदी शामिल है. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त कटर और प्लास जैसे औजार भी बरामद किए हैं.
कई मंदिरों में चोरी कर चुका है वीरेंद्र
जांच में पता चला कि यह अभियुक्त केवल अवसनेश्वर मंदिर ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के कई अन्य मंदिरों को भी निशाना बना चुका था. वीरेन्द्र ने बीते जनवरी महीने में असन्द्रा थाना क्षेत्र के जरौली स्थित हनुमान मंदिर से दो चांदी के मुकुट और रामसनेहीघाट स्थित रामसनेही बाबा मंदिर से इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और एलईडी टीवी चोरी करने की बात भी स्वीकार की है. 72 घंटे के भीतर खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने स्वाट और हैदरगढ़ पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है.