सो जा नहीं तो… बरेली में इस गांव में ‘गब्बर’ का आतंक, प्रसाद न मिलने पर फैलाई दहशत

बरेली में 'गब्बर' नाम का खौफ फैल गया है. रामायण पाठ के बाद प्रसाद सबसे पहले उसके घर न पहुंचने पर उसने गांव में जमकर तांडव मचाया है. बच्चे ही नहीं, बड़ों में भी उसका डर है. ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और अब मुख्यमंत्री योगी से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

बरेली में 'गब्बर' का आतंक (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

जब दूर गांव में जब बच्चा रोता था तो मां कहती थी कि सो जा नहीं तो गब्बर आ जायेगा…. शोले फिल्म का यह अक्स इनदिनों बरेली के अक गांव में आतंक का प्रयाय बना हुआ है. बरेली में गब्बर सिंह का आतंक पसरा हुआ है, लेकिन इससे बच्चे नहीं बल्कि बड़ों के भी डर व्याप्त है. इस गब्बर सिंह के दहशत के मारे लोग अब सीएम योगी से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

बरेली के सीबीगंज में गांव ठिरिया ठाकुरान में हिस्ट्रीशीटर गब्बर सिंह ने दहशत फैला दी है. सीबीगंज में एक मंदिर के आयोजनकर्ता को प्रसाद न देने पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथी के साथ मिलकर पीट दिया. आरोपी ने धमकी दी है कि अब जब भी मंदिर में कोई भी कार्यक्रम होगा तो प्रसाद सबसे पहले उसके घर पहुंचाया जाएगा, नहीं वह जान से मार डालेगा.

अगली बार प्रसाद न पहुंचाने पर जान की धमकी

गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी रुद्रपाल सिंह ने बताया कि उनके घर के ही सामने शिव मंदिर है. एक फरवरी को माघ पूर्णिमा पर श्रीरामचरित मानस का पाठ हुआ था. फिर प्रसाद वितरण और कन्या भोज आयोजित किया गया. उसी रात करीब आठ बजे हिस्ट्रीशीटर शिवकुमार सिंह उर्फ गब्बर सिंह ने तमंचा और लाठी लेकर गालीगलौज करते हुए उनके घर में घुस आए.

गब्बर का कहना था कि भंडारा सबसे पहले उसके लोगों को क्यों नहीं खिलाया और प्रसाद उसके घर क्यों नहीं पहुंचाया. साथ ही जोर-जोर से गालीगलौज करते हुए अगली बार प्रसाद न पहुंचाने पर जान से मारने की धमकी दी. इस पर लोगों ने कहा कि मेहमान आए हैं, गाली-गलौज मत करो. मंदिर पर सिर्फ कन्या भोज कराया है, भंडारा नहीं किया है.

कोई भी गब्बर के बारे में कुछ भी कहने से बच रहा

यह सुनते ही गब्बर सिंह और उसके साथियों ने रुद्रपाल की पिटाई कर दी. शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उन्हें दबंगों के चंगुल से छुड़ाया. इस दौरान गब्बर सिंह धमकी देते हुए चले गया कि किसी दिन जब वह रास्ते में मिल जाएगा तो उसे जान से मार देंगे. इसके बाद से गांव में दहशत है. कोई भी गब्बर के बारे में कुछ भी कहने से बच रहा है.

जो भी दरवाजा खटकाया जाता अंदर से ही साफ मना कर देते कि हम गब्बर के विषय में कुछ नहीं जानते. स्थानीय लोगों गब्बर सिंह से परेशान हैं. पीड़ित ने थाना सीबीगंज में एक और मुकदमा भी दर्ज कराया है, साथ ही अब योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगा रहे हैं. हिस्ट्रीशीटर पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस उसकी तलाश शुरू कर दी है.