ग्रेटर नोएडा: सूट-बूट पहने शादी में आए चोर, उड़ाए 50 लाख के जेवरात से भरा बैग; CCTV ने खोल दी पोल

ग्रेटर नोएडा की एक शादी में चौंकाने वाली घटना सामने आई है. सूट-बूट पहनकर आए मेहमान ने समारोह से जेवरात से भरा बैग चुरा लिया. लड़की के पिता को पता चला तो शादी के माहौल में हड़कंप मच गया. घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुईं, मामला इकोटेक-3 कोतवाली की है.

50 लाख के गहने लेकर फरार हुए 'मेहमान' चोर Image Credit:

ग्रेटर नोएडा से एक चौकाने और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. इकोटेक थर्ड कोतवाली इलाके में एक शादी समारोह में चोरों ने ज्वेलरी से भरा बैग उड़ा ले गए. शादी के माहौल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लड़की के पिता को पता चला कि उनका ज्वेलरी से भरा बैग गायब हो गया है. इस घटना के बाद शादी की खुशियां फ़ीकी पड़ गईं.

इकोटेक थर्ड कोतवाली के चोगानपुर गांव स्थित गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस में एक डॉक्टर की बेटी की शादी थी. सभी मेहमान शादी समारोह में व्यस्त थे. एक तरफ शहनाई बज रही थी तो दूसरी तरफ शादी में आये मेहमान खाने का लुत्फ उठा रहे थे. इसी बीच दो चोर सूट बूट पहन कर आए चोर ने गहनों से भरे बैग को निशाना बनाया लिया.

विदाई के समय बेटी को गहने देने वक्त खुला राज

जानकारी के अनुसार, फार्म हाउस में शादी समारोह धूमधाम से चल रहा था. परिवार के सभी सदस्य और मेहमान विवाह की रस्मों और कार्यक्रम में व्यस्त थे. इसी दौरान दो युवक मेहमानों की तरह शादी में शामिल हुए और मौका देखकर उस बैग को निशाना बनाया, जिसमे करीब 50 लाख रुपए की ज्वेलरी रखी थी. चोर आसानी से बैग को लेकर रफू चक्कर हो गए.

इस दौरान किसी को भी इनके ऊपर शक नहीं हुआ क्योंकि दोनों पूरी तरह से शादी में मेहमानों की तरह तैयार होकर आए थे. शादी के बाद बेटी की विदाई का समय था, जब पिता ने ज्वैलरी देने के लिए बैग ढूंढा तो, बैग नहीं मिला. रिश्तेदारों ने भी आसपास काफी ढूंढे पर बेग नहीं मिला. इसके बाद फार्म में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो दो चोर सामने आए.

CCTV फुटेज में चोरी कैद, पुलिस तलाश में जुटी

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो युवक शादी समारोह में शामिल हुए और उन्होंने ही बैग पर हाथ साफ कर लिया. इस घटना के बाद फार्म हाउस में हड़कंप मच गया. कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, चोरों की पहचान की जा रही है. फार्म मालिक की ओर से शिकायत मिली है. जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.