‘खून से लाल कर दूंगा हैदरगढ़…’ पहले बच्ची का अपहरण, फिर दुबई के नंबर से वॉटसऐप कॉल; दहशत में परिवार

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हैदरगढ़ से एक 12 वर्षीय बच्ची का अपहरण हुआ है. बदमाशों ने बच्ची के पिता को दुबई के नंबर से WhatsApp कॉल कर धमकी भी दी. कहा कि पुलिस को सूचित करने पर वे बच्ची का गला काट देंगे और पूरे हैदरगढ़ को खून से लाल कर देंगे. इस घटना से परिवार और इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बाराबंकी में मासूम बच्ची का अपहरण

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां बदमाशों ने घर के बाहर खेल रही एक 12 साल की बच्ची को अगवा कर लिया. फिर बदमाशों ने बच्ची को पिता को वाट्सऐप पर वीडियो कॉल कर जान से मारने की धमकी दी. कहा कि यदि वह पुलिस में शिकायत करेगा तो वीडियो कॉल पर उसके सामने ही उसकी बेटी का गला काटेगा और उसके खून से पूरे हैदरगढ़ का लाल कर देगा. मामला बाराबंकी के हैदरगढ़ कस्बे का है.

कोतवाली हैदरगढ़ से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित लिल्हौरा वार्ड में रहने वाली बच्ची के पिता नृपेंद्र तिवारी ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि वह पत्रकार हैं. बीते शुक्रवार को उनकी 12 साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान बदमाशों ने दिन दहाड़े उसे अगवा कर लिया. पीड़ित ने पहले तो अपने स्तर पर बच्ची की तलाश कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद इलाके में दहशत फैल गई. इतने में बदमाशों ने खुद ही पीड़ित पिता को वाट्सऐप कॉल कर अपहरण की पुष्टि कर दी.

वीडियो कॉल पर दी धमकी

इसके साथ ही बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि पुलिस में शिकायत करने पर बच्ची की हत्या की धमकी दी. इतना सुनते ही घर में कोहराम मच गया. पीड़िता पिता के मुताबिक बदमाशों ने वीडियो कॉल पर ही उनके पूरे घर की लोकेशन देखी और जानने की कोशिश की कि घर में कौन कौन मौजूद है. अनहोनी की आशंका के बावजूद पीड़ित पिता ने हैदरगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है. पुलिस ने भी पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसी क्रम में बच्ची के परिजनों ने थाने के बाहर धरना दिया है.

दुबई के नंबर से वाट्सऐप कॉल

हैदरगढ़ कोतवाल इंस्पेक्टर अभिमन्यु मल्ल के मुताबिक पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ और बच्ची की बरामदगी के लिए टीमों का गठन कर दिया है. बदमाशों की पहचान के लिए कस्बे में लगे सीसी टीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इसके अलावा बदमाशों के मोबाइल नंबर को भी सर्विलांस पर लगाया गया है. इसमें पता चला है कि पीड़ित पिता को वाट्सऐप कॉल दुबई के नंबर से किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा.

Follow Us