‘अब क्या छाती पर चढ़ेंगे…’, नुमाइश मैदान में नमाज की मांग पर भड़के अलीगढ़ MP, कह दी बड़ी बात; Video

अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम ने नुमाइश मैदान में ईद की नमाज़ और नमाज़ियों पर फूल बरसाने की मांग पर विवादित बयान दिया है. उनके 'अब क्या ये छाती पर चढ़ेंगे' वाले बयान ने नया सियासी बवाल खड़ा कर दिया है. विपक्ष ने इसे बांटने वाली राजनीति बताया है. सांसद ने सुबह सुबह लाउडस्पीकर बजाने और अवैध अतिक्रमण को लेकर भी तंज कसा है.

अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम

उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ से सांसद सतीश गौतम का एक बयान फिर सुर्खियों में है. इसमें उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों पर तंज कसा है. वहीं उनके बयान पर विपक्ष हमलावर हो गया है. नुमाइश मैदान में नमाज कराने और नमाजियों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने की मांग पर भड़के सांसद सतीश गौतम ने कहा कि इन्हें इतनी सुविधाएं मिल रही हैं. अब क्या ये छाती पर चढ़ेंगे. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.

रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने एआईएमआईएम (AIMIM) नेता द्वारा की की गई मांग पर टिप्पणी की. इसमें एआईएमआईएम (AIMIM) की तरफ से जिला प्रशासन से ईद की नमाज नुमाइश मैदान में कराने की मांग की गई थी. इस दौरान पार्टी की तरफ से नमाजियों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने की भी मांग रखी गई थी. इस मांग पर अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम भड़क गए. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता क रमजान और ईद क्या हैं, मुझे केवल होली और दिवाली से मतलब है.

सुबह-सुबह चलाते हैं भोंपा

सांसद सतीश गौतम यहीं नहीं रूके, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय छात्रों की परीक्षाएं चल रहीं हैं. ऐसे में ये लोग सुबह-सुबह 4:00 बजे ही भोंपा चला देते हैं. नुमाइश में नमाज की मांग पर उन्होंने कहा कि इन लोगों ने मस्जिदों के नाम पर इतना अवैध अतिक्रमण कर रखा है, अब नुमाइश मैदान में नमाज की क्यों परमिशन देनी चाहिए. ये लोग सरकार की समस्त योजनाओं का सबसे ज्यादा फायदा ले रहे हैं. अब क्या ये छाती पर ही चढ़ जाएंगे.

विपक्ष ने बताया बांटने की राजनीति

सांसद के इस बयान पर राजनीति भी तेज हो गई है. विपक्षी दलों ने सांसद के इस बयान को बांटने वाली राजनीति बताया. बसपा नेता सलमान शाहिद ने कहा कि यह गहरी साजिश है. उन्होंने कहा कि अलीगढ़ के लोग हमेशा से आपसी सौहार्द और प्यार-मोहब्बत से रहते आए हैं. लोग मिल जुल कर अपने तीज त्योहार मनाते रहे हैं, लेकिन सांसद जैसे लोग यहां की साफ सुथरी सियासत में जहर घोल रहे हैं. उधर, समाजवादी युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष आमिर आबिद ने भी सांसद पर हमला बोला है. कहा कि मुसलमानों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, वो उनका संवैधानिक अधिकार है.

पहले भी दिए विवादित बयान

सांसद सतीश गौतम का यह कोई पहला विवादित बयान नहीं है, बल्कि वह पहले बार भी इस प्रकार विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में रहे हैं. इससे पहले सतीश गौतम ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में लगी मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर काफी बवाल किया था. फिर बिहारी अधिकारियों को धमकी, जातिगत टिप्पणी को लेकर उन्होंने विवादित बयान दिए. इसको लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बवाल हुआ था.

Follow Us