मुंबई जाकर सलमान खान से क्यों मिले अखिलेश? वायरल हुई तस्वीरें, जानें क्या बातचीत हुई

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मुंबई में अभिनेता सलमान खान से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. यह मुलाकात निजी बताई जा रही है, जिसमें अखिलेश ने सलमान के पिता सलीम खान का हाल पूछा. हालांकि, उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के मद्देनजर इस भेंट के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं, जिससे सियासी गलियारों में चर्चा तेज है.

सलमान खान से मिले अखिलेश यादव

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव अचानक मुंबई पहुंच गए. वहां उन्होंने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान से मुलाकात की. उनकी इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. ये तस्वीरें खुद अखिलेश यादव ने ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं और इसका कैप्शन मुंबई मिलान दिया है. बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव की यह निजी मुलाकात थी, लेकिन इन तस्वीरों को देखते हुए इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं.

सोशल मीडिया में वायरल हो रही तस्वीरों में अखिलेश यादव और सलमान खान एक बड़े आर्टवर्क के सामने खड़े होकर पोज दे रहे हैं. इन तस्वीरों में जहां सलमान खान ब्लैक टी-शर्ट और जींस में मुस्कराते नजर आ रहे हैं. वहीं, लाल टोपी, सफेद कुर्ता-पायजामा और काले नेहरू जैकेट में अखिलेश यादव भी पोज दे रहे हैं. इन तस्वीरों को सोशल मीडिया में डालते हुए अखिलेश यादव ने इनका कैप्शन मुंबई मिलान दिया है और इसे सलमान खान को भी टैग किया है.

सलीम खान की पूछी खैर

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अखिलेश यादव की सलमान खान के साथ यह मुलाकात निजी और पारिवारिक थी. इसमें अखिलेश यादव ने बीमार चल रहे सलमान खान के पिता और जाने माने लेखक सलीम खान का हाल जानने की कोशिश की. सलमान खान ने उन्हें पिता के इलाज की पूरी जानकारी दी. बताया कि कुछ दिनों से वह अस्पताल में हैं, लेकिन अब काफी स्वस्थ महसूस कर रहे हैं. कुशल डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है.

फिर क्यों हो रही राजनीति?

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनावों से पहले सलमान खान से मुलाकात के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं. अखिलेश यादव और सलमान खान के बीच की यह बातचीत राजनीति और फिल्म जगत के फैंस दोनों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. कुछ लोगों का कहना है कि अखिलेश यादव विधानसभा चुनावों के दौरान सलमान खान की लोकप्रियता का लाभ उठा सकते हैं. हालांकि अभी तक इस मीटिंग का कोई स्पष्ट मकसद निकलकर सामने नहीं आया है.

Follow Us