IGL कर्मचारी बन दी PNG कनेक्शन काटने की धमकी, फिर लिंक भेज खाते से 11 बार में उड़ा लिए 21 लाख
ग्रेटर नोएडा में IGL कर्मचारी बनकर जालसाजों ने एक बुजुर्ग महिला को गैस कनेक्शन काटने की धमकी दी और नकली लिंक भेजकर उनके खाते से 21 लाख रुपये 11 बार में उड़ा लिए. साइबर ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस जांच में जुटी है और लोगों को ऐसे ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील कर रही है.
ईरान-इजरायल वार की वजह से एक तरफ देश में गैस सिलेंडर की मारामारी चल रही है. वहीं दूसरी ओर जालसाजों ने इस मुश्किल वक्त को ही हथियार बना लिया है. ग्रेटर नोएडा में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को जालसाजों ने गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर उनके बैंक खाते से 11 बार में 21 लाख रुपये उड़ा लिए. ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी. अब पुलिस इस शिकायत के आधार पर अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी का है. यहां रहने वाली पीड़िता गुजीब कालरा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें एक फोन आया था. कॉलर ने खुद को आईजीएल कंपनी का कर्मचारी बताया और उनसे कहा कि बिल पेंडिंग होने की वजह से उनके गैस का कनेक्शन काटा जा रहा है. चूंकि गैस सिलेंडर की संकट के बीच कनेक्शन कटने के डर से पीड़िता घबरा गई और उन्होंने कहा कि वह आज ही बिल भरवा देंगी. ऐसे में आरोपी ने खुद ही उन्हें एक लिंक भेजा और तुरंत इस लिंक से पेमेंट करने को कहा.
लिंक में जानकारी भरते कटने लगे पैसे
पीड़िता के मुताबिक उन्होंने आरोपी द्वारा भेजे लिंक को खोला और घबराहट में उसमें पूछी गई सारी जानकारी भर दी. यहां तक कि इसमें अपने बैंक खाते की भी जानकारी दे दी. इसके बाद उनके खाते से पैसे कटने शुरू हो गए. महज कुछ मिनट में ही 11 बार में उनके खाते से 21 लाख रुपये निकल गए. पैसे काटने का मैसेज मोबाइल पर आने से उन्हें इसकी जानकारी हुई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. इसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.
जांच में जुटी पुलिस
साइबर सेल थाना प्रभारी विजय राणा के मुताबिक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शिकायत मिली है. इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि साइबर ठग लगातार अलग अलग तरीकों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. कहा कि किसी भी अनजान नंबर से फोन आने, मैसेज या लिंक मिलने पर उसे ध्यान नहीं देना चाहिए. यदि आवश्यक लगे तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें घटना को रिपोर्ट करना चाहिए. घटना होने पर ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
