बाराबंकी के एक गांव में NIA-ATS-STF की रेड से हड़कंप, जानें क्या है कारण

बाराबंकी के एक गांव में NIA, ATS और STF की संयुक्त रेड से हड़कंप मच गया. बदोसराय गांव में राम लखन के घर पर छापा मारा गया. पुलिस ने घर की तलाशी मशीनों से ली. मामला आतंकवादी कनेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है. इस मामले में बाराबंकी के एसपी का कहना है कि स्थानीय स्तर पर भी जांच कराई जा रही है और केंद्रीय एजेंसियों का पूरा सहयोग किया जा रहा है.

NIA-ATS-STF की रेड (File Photo) Image Credit:

लखनऊ से सटे बाराबंकी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीमों ने बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर एत्महादपुर गांव में छापा मारा. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच के तहत की गई. संयुक्त टीमों ने गांव के रहने वाले राम लखन के घर की सघन तलाशी ली.

सुबह करीब आठ बजे तीन वाहनों से पहुंची केंद्रीय एजेंसियों की टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राम लखन के घर में आधुनिक मशीनों की मदद से तलाशी अभियान चलाया. हालांकि तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं होने की बात सामने आई है. इसके बावजूद इस कार्रवाई से पूरे गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल बन गया.
सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले राम लखन को सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल से हिरासत में लिया गया था.

राम लखन को टीम ने हिरासत में लिया

बताया जा रहा है कि उसकी मां का वहीं ऑपरेशन हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती हैं. टीम ने अस्पताल पहुंचकर राम लखन से पूछताछ की और इसके बाद उसे हिरासत में लेकर उसके घर पर छापा मारा गया. इस कार्रवाई के बाद गांव में उसके कथित आतंकवादी संपर्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. मामले को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है.

एसपी बोले- कार्रवाई का ठोस कारण मुझे नहीं पता

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि संबंधित स्थान पर रेड की गई है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्रवाई का ठोस कारण क्या है और राम लखन की भूमिका किस स्तर तक है. एसपी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर भी जांच कराई जा रही है और केंद्रीय एजेंसियों का पूरा सहयोग किया जा रहा है. फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है. आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

Follow Us