पहले बाइक में मारी टक्कर, फिर 500 मीटर तक घसीटते ले गई कार; Video देख दहल गए लोग

बरेली में पीलीभीत बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है. तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मारी और बाइक को 500 मीटर तक घसीटती चली गई, जिससे सड़क पर चिंगारियां निकलने लगीं. चालक पकड़े जाने के डर से नहीं रुका. इस घटना का मौके पर मौजूद राहगीरों ने वीडियो बना लिया. अब यही वीडियो वायरल हो रहा है.

घटना का वायरल हो रहा वीडियो

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक भीषण एक्सिडेंट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मार दिया. इस दौरान बाइक कार में फंस गई तो कार रोकने के बजाय पकड़े जाने के डर से कार चालक बाइक को पांच सौ मीटर तक घसीट ले गया. इस दौरान पर सड़क पर घिसट कर बाइक से चिंगारियां निकलती रहीं. यह हादसा बरेली में पीलीभीत बाइपास रोड का है. इस घटना का वीडियो बेहद डरावना है.

जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे बारादरी थाना क्षेत्र के सतीपुर चौराहे के पास की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी. टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक सवार तो उछलकर दूर जा गिरा, लेकिन बाइक कार में फंस गई. इसके बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका और काफी दूर तक बाइक को घसीटते चला गया. सड़क पर निकल रही चिंगारियां देखकर आसपास के लोग घबरा गए और कई वाहन चालकों ने दूरी बनाकर गाड़ी चलाई.

राहगीरों ने बनाया वीडियो

हादसे के समय कार के पीछे दो युवक बाइक से आ रहे थे. उन्होंने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक कार के अगले हिस्से में फंसी है और सड़क पर घिसट रही है. घर्षण की वजह से लगातार चिंगारियां निकल रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इसे गंभीर लापरवाही बता रहा है तो कोई हिट एंड रन जैसी घटना मान रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पहुंची ने सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर कार चालक की पहचान और उसकी धर पकड़ में जुट गई है. बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार चालक की तलाश जारी है. पहचान होने के बाद उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के दौरान बाइक सवार के साथ क्या हुआ. इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार देखा और साझा किया जा रहा है.

Follow Us