सवारी बनकर आए और लूट लिया ऑटो, सगे भाइयों ने क्यों किया ये अपराध? हैरान कर देगी वजह

उत्तर प्रदेश के बरेली में दो सगे भाइयों ने गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए ऑटो चालक को लूट लिया. सवारी बनकर बैठे भाइयों ने चालक को जख्मी कर ऑटो छीना और मौके से फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह घटना 27 अगस्त की है, जिसमें पुलिस अब भी आगे की जांच कर रही है.

गर्लफ्रेंड के लिए लूटेरे बने सगे भाई

उत्तर प्रदेश के बरेली में गर्लफ्रेंड के चक्कर में दो सगे भाई अपराधी बन गए. गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने और और मौज-मस्ती के लिए घर से पैसे नहीं मिले तो इन दोनों भाइयों ने ऑटो चालक से मारपीटर उसकी ऑटो लूट ली. दोनों पहले सवारी बनकर ऑटो में बैठे थे और रास्ते में कुछ दूर आग चलकर इस वारदात को अंजाम दिया. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी भाइयों को अरेस्ट कर मामले का खुलासा किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक ऑटो में बैठने के बाद आरोपियों ने चालक को बहेड़ी के जादौपुर चलने को कहा और बाद में रास्ता बदलकर सुनसान रास्ते पर ले गए. इस दौरान मौका देखकर एक आरोपी ने चालक के सिर पर दो किलो का लोहे का बाट मार कर जख्मी कर दिया. इतने में दूसरे ने उसके गले में गमछा डालकर खींचा और सड़क पर गिराकर ऑटो लेकर फरार हो गए थे. बरेली के भोजीपुरा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. हालांकि वारदात में शामिल इनका एक साथी अभी फरार है.

27 अगस्त की है वारदात

पुलिस के मुताबिक सुभाषनगर के सनिया धन सिंह निवासी सग्गन ऑटो चलाते हैं. 27 अगस्त की रात सेमीखेड़ा निवासी विशाल उर्फ छोटू, उसका भाई भारत रत्न और उनका साथी शिवम बाइक से बरेली आए थे. तीनों ने ऑटो लूटने की योजना बनाई. सिटी स्टेशन पर उन्होंने सग्गन का ऑटो जादौपुर जाने के लिए 500 रुपये में बुक किया. शिवम और भारत रत्न ऑटो में बैठ गए, जबकि विशाल अपनी बाइक से पीछे चलने लगा.

सुनसान जगह पर किया हमला

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी ऑटो में बैठकर रास्ते में ऐसी जगह तलाश रहे थे, जहां चालक को आसानी से निशाना बनाया जा सके. जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को वसुंधरा ढाल से शेरगढ़ की तरफ जाने वाले रास्ते पर चलने के लिए कहा. रात का समय होने के कारण रास्ता सुनसान था. पुलिस के अनुसार यहीं पर आरोपी शिवम ने थैले से दो किलो का लोहे का बाट निकाला और चालक के सिर पर पीछे से वार कर दिया. इसी दौरान भारत रत्न ने सग्गन के गले में गमछा डालकर उसे पीछे की ओर खींचा. इसके बाद उसे सड़क पर गिराकर दोनों आरोपी ऑटो लेकर भाग गए.

दुकान में छिपाया था ऑटो

वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर सेमीखेड़ा पहुंचे. जहां विशाल और भारत रत्न ने ऑटो को अपनी दुकानों में छिपा दिया. उनकी योजना थी कि कुछ दिन मामला शांत होने के बाद ऑटो को बेच दिया जाएगा. चालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. रविवार तड़के तीनों आरोपी सेमीखेड़ा से बरौर जाने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 2:12 बजे विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को पकड़ लिया. पुलिस को देखते ही शिवम भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से ऑटो के साथ ही एक 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी मिले है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है. एसपी साउथ मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक तीनों आरोपी बेरोजगार हैं और रुपये जुटाने के लिए लूट की योजना बनाई थी. दोनों भाइयों के खिलाफ वर्ष 2025 में देवरनियां थाने में भी मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है.

Follow Us