पैर में लगी थी गोली, साथ में थी पुलिस; अस्पताल की दूसरी मंजिल से कैसे फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर ध्रुव पासी?

दोनों पैरों में गोली लगने के बाद बदमाश ध्रुव पासी गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल से कूद कर फरार हो गया. यह स्थिति तब है जब वह अपने पैरों पर खड़ा होने में भी असमर्थ था और चार पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में था. इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

अस्पताल में खिड़की तोड़कर फरार हुआ बदमाश

गाजीपुर के महार्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रहा एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुधीर उर्फ ध्रुव पासी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी. ऑपरेशन के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सुरक्षा में चार पुलिसकर्मी तैनात थे. बावजूद इसके वह अस्पताल की दूसरी मंजिल के शौचालय से फरार हो गया.

सुधीर पासी मरदह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें मोहम्मदाबाद, मऊ कोतवाली, जंगीपुर, शहर कोतवाली समेत कई थाना क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल हैं. हाल ही में रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नौली गांव निवासी एक व्यक्ति से रंगदारी मांगने के मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था. इसी मामले में पुलिस ने एक अगस्त को रेवतीपुर बॉर्डर के पास गहमर थाना क्षेत्र में एनकाउंटर में उसे गिरफ्तार किया था.

दोनों पैर में लगी थी गोली

इस एनकाउंटर में सुधीर के दोनों पैरों में गोली लगी थी. उसके एक साथी शमीम के पैर में भी गोली लगी थी. पुलिस ने इन्हें अरेस्ट करने के बाद जेल भेज दिया था, लेकिन पैरों के ऑपरेशन के लिए 21 अगस्त को उसे जिला कारागार से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया. अस्पताल में उसकी सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. शनिवार की सुबह सुधीर व्हीलचेयर के सहारे वार्ड से शौचालय में गया और वहीं से फरार हो गया.

महकमे में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. फरार हिस्ट्रीशीटर की तलाश में एसओजी के साथ कई पुलिस टीमें एक्टिव हो गई हैं. वहीं सुरक्षा में तैनात दोनों आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उनके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. बावजूद इसके सवाल उठ रहा है कि जिस बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी थी और व्हीलचेयर के सहारे चल रहा था, आखिर वह अस्पताल की दूसरी मंजिल के शौचालय की जाली तोड़कर कैसे फरार हो गया?

Follow Us