बरेली में 100 दुकानों पर फिर चलेगा बुलडोजर, खुद ही अपनी शॉप्स तोड़ रहे दुकानदार

सीएम ग्रेड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के तहत बरेली के कोहाड़ापीर इलाके में 100 दुकानों पर लाल निशान लगाए गए थे. दुकान के मालिकों को इन्हें हटाने के लिए 7 दिन का समय दिया गया था. अब कई दुकानदार ड्रिल मशीन से अपनी ही दुकानों को तोड़ते हुए नजर दिखाई दिए. उनका कहना है कि अगर वे खुद दुकान नहीं तोड़ेंगे, तो नगर निगम बुलडोजर चलाकर उन्हें गिरा देगा और उसका खर्च भी उनसे ही वसूला जाएगा.

बरेली में दुकानों पर बुलडोजर एक्शन Image Credit:

बरेली के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के कोहाड़ापीर इलाके में नगर निगम की कार्रवाई से दुकानदारों में डर और बेबसी का माहौल बना हुआ है. सीएम ग्रेड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. गुलाबराय इंटर कॉलेज वाले रोड पर इसी के चलते यहां 100 से ज्यादा दुकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं. उन्हें हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है.

अगर हम नहीं तोड़ेंगे तो नगर निगम वसूलेगा हमसे खर्च

हालात का जायजा लेने टीवी9 जब ग्राउंड जीरो पर पहुंचा तो उसने पाया कि कई दुकानदार ड्रिल मशीन से अपनी ही दुकानों को तोड़ते हुए नजर आए. दुकानदारों का कहना है कि अगर वे खुद दुकान नहीं तोड़ेंगे, तो नगर निगम बुलडोजर चलाकर उन्हें गिरा देगा और उसका खर्च भी उनसे ही वसूला जाएगा. इस डर के चलते वे अपनी सालों पुरानी मेहनत को खुद ही खत्म करने को मजबूर हैं.

इन्हीं दुकानों से हो रहा था कई परिवारों का जीवनयापन

दुकानदारों का दर्द साफ झलक रहा है. कोई 50 साल से यहां दुकान चला रहा था, तो कोई 46 साल और कोई 35 साल से अपने परिवार का पालन-पोषण इसी कारोबार से कर रहा था. उनका कहना है कि वे नियमित रूप से नगर निगम को टैक्स देते रहे, लेकिन अब उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. हमारे सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है.

दुकानदारों ने कहा- एक झटके में खत्म हो गई कमाई

दुकानदारों का कहना है कि उनकी जिंदगी भर की कमाई एक झटके में खत्म हो गई है. अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल अपने परिवार का पेट पालने का है. इस कार्रवाई ने कई परिवारों को गहरी चिंता और अनिश्चितता में डाल दिया है, जहां एक तरफ विकास कार्य हो रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ लोगों की रोजी-रोटी पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

Follow Us