फर्जी इंस्टा आईडी से महिला को बदनाम करने की साजिश, पति ने विरोध किया तो मनबढ़ों ने गोली मारने की दी धमकी
बरेली में एक महिला ने तीन लोगों पर फर्जी इंस्टा आईडी के जरिए बदनाम करने का आरोप लगाया. महिला के मुताबिक फेक आईडी के जरिए उसके रिश्तेदारों को गलत और आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे हैं. इससे उसकी छवि खराब हो रही. साथ ही उसे और उसके पति को गोली मारने की धमकी भी दी जा रही है.
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने की कोशिश की गई. महिला के पति ने आरोपियों से जब ऐसा करने को लेकर विरोध किया तो उसे गोली मारने की धमकी दी गई. अब महिला ने थक-हारकर प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. फिलहाल, पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है.
प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी शिकायत में कहा कि झारखंड निवासी संजीत यादव पर किसी मामले को लेकर नोएडा में मुकदमा दर्ज कराया था. इसके अलावा उसके खिलाफ एक एफआईआर प्रेमनगर थाने में भी दर्ज कराया था. दोनों मामले में पुलिस की तरफ से चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. फिलहाल, आरोपी संजीत अग्रिम जमानत याचिका पर बाहर है.
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है
महिला का कहना है कि दोनों मुकदमे को वापस लेने के लिए उसपर दबाव बनाया जा रहा है. संजीत यादव के साथी राहुल सिंह राजपूत और अमरजीत गुप्ता ने साजिश के तहत उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई. फिर उसके रिश्तेदारों को गलत और आपत्तिजनक मैसेज भेजे. ऐसा उसकी छवि खराब करने के लिए किया जा जा रहा है. जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे और ज्यादा बदनाम करने की धमकी दी.
गोली मारने भी भी धमकी दी
महिला ने आरोप लगाया कि जब उसके पति ने चार मार्च को आरोपी संजीत यादव को कॉल कर ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने सीधे तौर पर गोली मारने की धमकी धी. महिला का कहना है कि आरोपी लगातार दबाव बना रहे हैं कि वह मुकदमे वापस ले लें, नहीं तो उसे और उसके परिवार को मौत के घाट उतार देंगे. साथ ही पहले के मुकदमों को गवाहों को भी गवाही ना देने के लिए धमकाया जा रहा है.
पुलिस ने क्या कहा?
प्रेमनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. महिला के आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इंस्टा आईडी बनाने में कौन-कौन शामिल हैं.
