क्रिकेट मैदान पर थम गई सांसें; बैटिंग करते-करते ग्राउंड पर गिरा बैट्समेन, फिर नहीं उठा

यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के पैनल में तीन साल पहले ही अंपायर बने सोनल चंद्रा की क्रिकेट खेलने के दौरान मौत हो गई. बल्लेबाजी करते वक्त उन्हें घबराहट हुई. फिर वह ग्राउंड पर ही गिर गए. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तबतक उनकी जान जा चुकी थी.

क्रिकेट खेलते वक्त यूपीसीए अंपायर की मौत

शाहजहांपुर मे यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर सोनल चंद्रा अपने दोस्तों के साथ मैच खेलने पहुंचे थे. बैटिंग करने के दौरान अचानक से उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर ही गिर गए. वहां मौजूद अन्य साथी उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के दौरान वहां मौजूद अन्य प्लेयर ऐसी परिस्थिति देखकर सन्न रह गए.

अचानक से हुई घबराहट, जमीन पर गिर पड़े

अंपायर सोनल चंद्रा के साथियों ने बताया कि हम अक्सर यहां क्रिकेट खेलने आते हैं. खेलते वक्त ड्रोन वीडियो भी बनवाते थे. हम लोग क्रिकेट खेलने के लिए गए थे. वह बैटिंग कर रहे थे. अचानक उन्हें घबराहट होने लगी. फिर वह जमीन पर गिर गए. हमने उन्हें सीढ़ियों पर लिटाया. फिर अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है.

पिता 30 साल पहले हो चुके हैं शहीद

अंपायर सोनल चंद्रा शाहजहांपुर के आदर्शनगर कॉलोनी के रहने वाले हैं. प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पैनल में तीन साल पहले ही अंपायर बने थे. उनके पिता बीएसएफ में तैनात थे. 30 साल पहले वह बॉर्डर पर शहीद हो गए. मां सनीता चंद्रा टीचर थीं, लेकिन उनका एक साल पहले रिटायरमेंट हो गया. सोनल की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया.

पुलिस ने क्या इस मामले पर क्या कहा?

अब इस मामले में रोजा थाना प्रभारी राजीव रंजन ने कहा कि उनके पास क्रिकेट खेलने के दौरान किसी भी युवक की मौत की कोई सूचना नहीं आई है. शिकायत आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी. अचानक से क्रिकेट खेलते वक्त एक शख्स की मौत हो जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. पिछले कुछ सालों से इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है. हालांकि, ऐसा क्यों हो रहा है, अब तक इसकी कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है.

Follow Us